Kohramlive : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ी 228.06 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी के खिलाफ FIR दर्ज की है। FIR में रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और इसके डायरेक्टर रवींद्र शरद सुधाकर का नाम भी शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कथित हेरफेर से सार्वजनिक बैंक को 228 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बैंक (पूर्व आंध्र बैंक) की शिकायत के आधार पर CBI ने यह कार्रवाई की। शिकायत में आरोप है कि RHFL ने 450 करोड़ रुपये की क्रेडिट लिमिट ली थी, बैंक ने कड़े वित्तीय अनुशासन की शर्तें रखीं थीं, लेकिन कंपनी समय पर किस्तें, ब्याज और दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सकी। आखिरकार, 30 सितंबर 2019 को खाता NPA घोषित कर दिया गया। CBI के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, फंड का इस्तेमाल तय नियमों के अनुरूप नहीं हुआ और बैंक को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
कौन हैं जय अनमोल अंबानी?
अंबानी परिवार के इस युवा बिजनेसमैन की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है, शुरुआती पढ़ाई मुंबई के जॉन कॉनन स्कूल से हुई, फिर Warwick Business School से BSc, 18 साल की उम्र में करियर की शुरुआत, रिलायंस म्यूचुअल फंड में इंटर्नशिप से की। साल 2014 में आधिकारिक तौर पर रिलायंस ग्रुप में प्रवेश किया। 2017 में रिलायंस कैपिटल के एग्जिक्युटिव डायरेक्टर बने। 2018 में Reliance Nippon और Reliance Home से जुड़े। एक चमकते करियर की यह पारी अब जांच एजेंसियों के सख्त सवालों के घेरे में है।






