Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग के समाहरणालय सभागार में DC शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई हाई लेवल बैठक में NHAI और NTPC से जुड़े सभी लंबित भू-अर्जन मामलों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में पकरी बरवाडीह, केरेडारी, बादामचट्टीबारियातू, कोल माइनिंग क्षेत्र के स्टेटमेंट–6, म्यूटेशन, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन व स्कूल शिफ्टिंग, FRA, लीज बंदोबस्ती एवं भारतमाला परियोजना जैसे प्रमुख परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
DC शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि तुरंत ग्रामसभा कर सड़क से जुड़े विवादों का समाधान करें, वहीं, कम्युनिटी डेवलपमेंट कार्य की रफ्तार तेज करें। DC ने अधिकारियों को हाउस मिजरमेंट और डिमोलिशन से जुड़े लंबित मामलों को संयुक्त कार्रवाई से निपटाने का आदेश दिया। SDO, CO और NTPC मिलकर तेजी से काम पूरा करें। DMFT मद से सामुदायिक विकास कार्य कराने का निर्देश दिया गया, ताकि प्रभावित परिवारों को तुरंत लाभ मिल सके। पकरी बरवाडीह परियोजना को स्कूल शिफ्टिंग और FRA से जुड़े मामलों पर शीघ्र कदम उठाने के निर्देश दिये गये। बादाम क्षेत्र में जीएम लैंड का सत्यापन कराने के लिये विशेष कैंप लगाने का आदेश दिया गया। बरही, सदर, इचाक और पदमा के CO को NHAI से जुड़े म्यूटेशन मामलों को प्राथमिकता देकर तुरंत निपटारे के निर्देश दिये गये।
तालमेल बढ़ाये, बाधायें हटायें
DC शशि प्रकाश सिंह ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग मिलकर काम करें, लंबित फाइलों के निपटारे में तेजी लायें, प्रोजेक्टों के क्रियान्वयन में कोई देरी बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में उपायुक्त, अपर समाहर्ता, अंचल अधिकारी, NHAI–NTPC के पदाधिकारी और संबंधित विभागों के कर्मी मौजूद रहे।








