Garhwa(Nityanand Dubey) : त्योहारों की मिठास में मिलावट न घुले, इसके लिये गढ़वा जिला प्रशासन एक्शन मोड में है। शहर के प्रमुख बाजारों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी कर कई प्रतिष्ठानों की जांच की। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई DC के निर्देश पर की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीप श्री के नेतृत्व में टीम ने शहर के मेन रोड और रंका रोड स्थित कई खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने कई प्रसिद्ध दुकानों की जांच की, जिनमें संतोष मिष्ठान भंडार, निखिल स्वीट्स एंड नमकीन, पिहू स्वीट्स, नीलम वाटिका, खुशी फास्ट फूड कॉर्नर जैसे प्रतिष्ठान शामिल रहे। यहां से मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिये राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गये हैं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि मिठाइयों में किसी तरह की मिलावट है या नहीं। यदि जांच में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित दुकानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी। निरीक्षण के दौरान दुकानों में FSSAI लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की भी जांच की गई। दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि वे अपना लाइसेंस ऐसे स्थान पर लगायें, जहां से ग्राहक उसे आसानी से देख सकें। वहीं, दुकानों में साफ-सफाई बनाये रखने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री ही बेचने की सख्त हिदायत दी गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीप श्री ने साफ चेतावनी दी कि त्योहारों के समय मिलावटी मिठाइयों की बिक्री बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जायेगी। यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत जेल और जुर्माने की कार्रवाई होगी।
इसे भी पढ़ें : अवैध कोयला डंप के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग…














