Ranchi : JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राजधानी रांची में छात्रों का आंदोलन बुधवार को और तेज हो गया। तेज बारिश के बावजूद सैकड़ों अभ्यर्थी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यह पूरी तरह छात्रों का आंदोलन है और इसमें किसी भी राजनीतिक दल के हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। JLKM नेता देवेंद्र महतो के पहुंचने पर कुछ छात्रों ने विरोध भी जताया। छात्रों ने कहा कि कोई भी दल आंदोलन का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश न करे।
आंदोलन के दौरान अभ्यर्थियों ने ‘फर्जी अभय तिवारी’ लिखे पोस्टर, ‘शर्म का गुलदस्ता’ और तवा पीटकर विरोध दर्ज कराया। हजारीबाग समेत कई जिलों से छात्र रांची पहुंचे। उनका आरोप है कि कई जगह बसें रोकी गईं, जिसके बाद वे ट्रेन से राजधानी पहुंचे।
छात्रों की मांग है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी बनाया जाये, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और पूरे मामले की CBI व ED से जांच कराई जाये। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि सरकार ने जल्द संवाद शुरू नहीं किया तो आंदोलन और उग्र होगा।






