Chouparan(Krishna Paswan) : दनुआ घाटी में बुधवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रिप ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक करीब आधे घंटे तक क्षतिग्रस्त वाहन के केबिन में फंसा रहा। हथिया बाबा मंदिर से करीब 100 मीटर आगे एक ट्रिप ट्रेलर अनियंत्रित होकर दूसरे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में दब गया।
पुलिस और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही चोरदाहा पिकेट और चौपारण पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन मौके पर NHAI की क्रेन उपलब्ध नहीं होने के कारण राहत कार्य में देरी हुई। बताया गया कि करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों और दूसरे वाहन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को खींचकर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद 1033 एंबुलेंस से घायल चालक को इलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण भेजा गया। घायल चालक की पहचान आनंद कुमार (पटना) के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में NHAI की आपातकालीन व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि दनुआ घाटी में लगातार दुर्घटनाएं होने के बावजूद मौके पर स्थायी क्रेन व्यवस्था नहीं रहती। लोगों का कहना है कि हर हादसे के बाद निजी क्रेन की मदद लेनी पड़ती है, जिससे राहत और बचाव कार्य में देरी होती है। वहीं, जब इस संबंध में NHAI अधिकारियों से जानकारी ली गई तो उन्होंने घाटी में क्रेन की व्यवस्था होने का दावा किया।






