Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची आज सुबह एक अलग ही जोश से सराबोर रही। आज पुलिस वर्दी मैदान में जोश, जज्बे और जुझारूपन की मिसाल बन गई। दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट 2025 का शुरूआत शुक्रवार को रांची जोन के IG मनोज कौशिक ने किया। कार्यक्रम का आगाज ध्वजारोहण और सलामी समारोह से हुआ, जहां पूरे मैदान में “जय झारखंड पुलिस” के नारे गूंज उठे। इस प्रतियोगिता में रांची, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिलों के पुलिस पदाधिकारी और जवान भाग ले रहे हैं। 7 नवंबर से 9 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में खिलाड़ियों के बीच एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल समेत कई खेलों में दमखम देखने को मिलेगा।
उद्घाटन के मौके पर रांची के सीनियर SP राकेश रंजन, सिमडेगा SP मो. अर्शी, खूंटी SP मनीष टोप्पो, रांची के रूरल SP प्रवीन पुष्कर, सिटी SP पारस राणा, ट्रैफिक SP राकेश कुमार सिंह सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। खेल की शुरुआत 400 मीटर दौड़ से हुई, इसमें वर्दीधारी अधिकारियों ने जैसे मैदान को भी सैल्यूट कर दिया। सिटी SP पारस राणा ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं, रांची के ट्रैफिक SP राकेश कुमार सिंह द्वितीय रहे, कोतवाली DSP प्रकाश सोय तृतीय स्थान पर पहुंचे। पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यह स्पोर्ट्स मीट 9 नवंबर को समापन समारोह के साथ समाप्त होगी, जहां सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया जायेगा।










