Ranchi : राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक जंगली हाथी रिहायशी इलाके में घुस आया। जंगल से भटक कर आया हाथी हवाई नगर और बोरियाकला होते हुये बिरसा चौक के पास तक पहुंच गया। सुबह करीब 7 बजे सड़कों पर अचानक विशालकाय हाथी को देख लोग घरों में दुबक गये। स्कूल जा रहे बच्चों में डर का माहौल बन गया, राहगीर जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथी ने कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचाया और वाहनों को धक्का दिया, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
वन विभाग और पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही वन विभाग और रांची पुलिस मौके पर पहुंची। सायरन और पटाखों की आवाज से हाथी को भीड़भाड़ वाले इलाके से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि हाथी रास्ता भटक गया था और उसे सुरक्षित जंगल की ओर भेजा जा रहा है।
झारखंड में बढ़ता हाथी-मानव संघर्ष
राज्य में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है।
13-14 फरवरी को हजारीबाग में 24 घंटे के भीतर 7 लोगों की जान गई।
16 फरवरी को लातेहार में हाथियों का झुंड मालगाड़ी की चपेट में आ गया, एक शावक की मौत हुई।
20 फरवरी को पलामू सीमा से एक जंगली हाथी के प्रवेश की सूचना मिली।
पिछले कुछ महीनों में 30 से ज्यादा लोगों की जान हाथी हमलों में जा चुकी है।
सीएम की सख्ती
लगातार बढ़ते हमलों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वन विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की है। निर्देश दिये गये हैं कि मानव क्षति रोकने के लिए ठोस योजना बने और पीड़ित परिवारों को त्वरित मुआवजा दिया जाये।










