Chouparan(Krishna Paswan) : सुबह की पहली किरण के साथ जब आसमान हल्की रोशनी से भरने लगा, तब पूरे इलाके की फिजा इबादत और खुशियों से महक उठी। पवित्र पर्व ईद के मौके पर राजधानी रांची से लेकर पूरे राज्य में अकीदत, भाईचारे और आपसी सौहार्द का खूबसूरत नजारा देखने को मिला। शनिवार की सुबह हजारों नमाजियों ने ईदगाहों और मस्जिदों में एक साथ सजदा कर खुदा से मुल्क की सलामती और अमन-चैन की दुआ मांगी। प्रखंड के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में तय समय पर ईद की नमाज अदा की गई। नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। इबादत के बाद लोगों ने हाथ उठाकर देश में अमन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद ईदगाहों के बाहर बेहद भावुक और खुशनुमा दृश्य देखने को मिला, जहां बड़े-बुजुर्गों से लेकर बच्चे तक एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहते नजर आये। त्योहार को लेकर मुस्लिम बहुल मोहल्लों में दिनभर रौनक बनी रही। घरों में तरह-तरह के लजीज पकवान बने। खासकर सेवइयों की खुशबू हर घर से आती रही। चौपारण प्रखंड में ईद की खुशियां सिर्फ एक समुदाय तक सीमित नहीं रहीं। दूसरे समुदायों के लोग भी अपने मुस्लिम भाइयों के घर पहुंचे और गले मिलकर मुबारकबाद दी। यह नजारा इलाके में सामाजिक समरसता की शानदार मिसाल बन गया। बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखा गया। नये कपड़ों में सजे बच्चे दोस्तों के साथ दिनभर त्योहार की खुशियां बांटते नजर आये।
प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिये प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई।पंचायत सेवकों और कर्मियों ने भी प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर सहयोग किया। लगातार पुलिस गश्ती के कारण पूरे प्रखंड में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।






