Kohramlive : बॉलीवुड की चमकती दुनिया बाहर से जितनी खूबसूरत दिखाई देती है, उसके पीछे कई ऐसी कहानियां भी छिपी होती हैं, जिन्हें सुनकर दिल भर आता है। कभी बड़े पर्दे पर अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाले कलाकार भी जिंदगी के किसी मोड़ पर मुश्किलों से घिर जाते हैं। ऐसी ही एक कहानी इन दिनों अभिनेता शरद कपूर को लेकर चर्चा में है। शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘जोश’ में दमदार विलेन का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले शरद कपूर के मुश्किल दौर से गुजरने की खबरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। अब अभिनेत्री जया भट्टाचार्य ने अभिनेता से मुलाकात के बाद एक वीडियो साझा किया है। उन्होंने फिल्म और TV इंडस्ट्री से शरद कपूर की मदद के लिये आगे आने की अपील की है।
शरद कपूर से मिलने पहुंचीं जया, बोलीं..
जया भट्टाचार्य ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुये बताया कि उनकी शरद कपूर से पहली मुलाकात साल 2001 में हुई थी। अब दोबारा उनसे मिलने के बाद उन्होंने मनोरंजन जगत के लोगों से अभिनेता को काम देने की गुजारिश की है। जया ने अपने संदेश में खास तौर पर फिल्म और शो बनाने वाले निर्माताओं से अपील की कि वे शरद कपूर को अपने किरदारों के लिये एक बार जरूर परखें। उन्होंने कहा कि थोड़ा सा सहयोग भी किसी कलाकार के लिये बहुत मायने रखता है। उनकी इस अपील का भाव यही है कि कलाकार की पहचान और अनुभव को देखते हुये उसे दोबारा काम करने का अवसर मिलना चाहिये। शरद कपूर ने अपनी शारीरिक परेशानी के बारे में बताते हुये कहा कि बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते समय उनके पैर में गंभीर चोट लग गई थी। वह कुछ अनुभवी खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान एक खिलाड़ी का पैर उनके पैर से टकरा गया और उन्हें चोट लग गई। इस चोट के बाद से उन्हें शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले जुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर शरद कपूर की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि शरद इस समय कुछ शारीरिक परेशानियों से गुजर रहे हैं और उन्हें देखभाल एवं सहयोग की जरूरत है।









