Ranchi : रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में शुक्रवार को डुरंड कप का चौथा मुकाबला एकतरफा रहा। दिल्ली SC ने शुरुआत से ही ऐसा आक्रामक खेल दिखाया कि डिफेंडर्स FC को संभलने का मौका ही नहीं मिला। नतीजा, दिल्ली ने 7-0 की शानदार जीत दर्ज कर मैदान पर अपना दमखम साबित कर दिया।
11 मिनट में मैच लगभग दिल्ली की मुट्ठी में
सीटी बजते ही दिल्ली SC ने तेज रफ्तार से हमला बोला। मैच के 5वें मिनट में पहला गोल कर टीम ने बढ़त बनाई। इसके बाद 7वें और 11वें मिनट में लगातार दो और गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। शुरुआती झटकों से डिफेंडर्स FC उबर भी नहीं पाई थी कि 34वें मिनट में दिल्ली ने चौथा गोल कर मुकाबले पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। पहले हाफ तक डिफेंडर्स FC का खाता भी नहीं खुल सका।
दूसरे हाफ में भी नहीं थमा दिल्ली का तूफान
ब्रेक के बाद डिफेंडर्स FC ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन दिल्ली SC की मजबूत डिफेंस और शानदार तालमेल के सामने उसके सारे प्रयास नाकाम साबित हुये। मैच के अंतिम क्षणों में दिल्ली ने हमला और तेज कर दिया। 88वें मिनट में पांचवां, जबकि 90वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर स्कोर 7-0 कर दिया और मुकाबले को पूरी तरह अपने नाम कर लिया। पूरे मुकाबले में दिल्ली SC के खिलाड़ियों के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला। सटीक पासिंग, गेंद पर बेहतरीन नियंत्रण और लगातार आक्रामक खेल ने डिफेंडर्स FC को पूरे मैच में दबाव में रखा। उधर, डिफेंडर्स को मिले कुछ अच्छे मौके भी दिल्ली के गोलकीपर और रक्षापंक्ति ने नाकाम कर दिये। दिल्ली SC के शानदार प्रदर्शन से मोरहाबादी स्टेडियम में मौजूद फुटबॉल प्रेमी खासे उत्साहित नजर आये। अंतिम सीटी बजते ही दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विजेता टीम का स्वागत किया।















