Kohramlive : राजस्थान की राजधानी जयपुर की दोपहर अचानक चीखों से कांप उठी। हरमाड़ा इलाके की सड़कों पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बेकाबू डंपर मौत बनकर दौड़ा और 300 मीटर तक 10 गाड़ियों को रौंदता चला गया। लोहा मंडी रोड नंबर 14 पर हुये इस भयावह हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गये।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर जैसे ही हाईवे की ओर चढ़ा, अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। पलभर में सन्नाटा चीखों में बदल गया। सड़क पर चल रहे लोग और गाड़ियां उसकी चपेट में आ गये। कुछ ही सेकंडों में सारा मंजर खून और मलबे से भर गया। जब तक डंपर डिवाइडर से टकराकर रुका, तब तक सबकुछ तबाह हो चुका था। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया। फंसे हुये लोगों को गैस कटर से निकाला गया, घायलों को कांवटिया और एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई परिवार अपनों की तलाश में घटनास्थल पर फफक उठे। सड़क पर कपड़ों और चादरों से ढके शव, उस भयावह मंजर की गवाही दे रहे थे। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है।








