Ranchi(Akhilesh Kumar): रांची के टाटीसिल्वे में नकली शराब की बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। महिलौंग रिंग रोड से महज 100 मीटर की दूरी पर एक घर में शराब की मिनी फैक्ट्री चल रही थी, जिसे उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर उजागर किया। घर से लगभग 500 पेटियों में भरी नकली शराब की बोतलें बरामद की गईं, जिनमें अलग-अलग ब्रांड के नकली रैपर, ढक्कन, स्टिकर और होल मार्क चिपकाए गये थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि घर के भीतर शराब का अवैध धंधा चल रहा है। जब टीम मौके पर पहुंची, तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस द्वारा ज़ोर देने पर दरवाजा खोला गया और तलाशी के दौरान पूरा कमरा शराब की बोतलों से भरा मिला। मौके से बिहार के औरंगाबाद निवासी दो युवकों अभिषेक कुमार और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि इस अवैध फैक्ट्री का मास्टरमाइंड राहुल शर्मा अब भी फरार है।
चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस घर में यह फैक्ट्री चल रही थी, उसके बाहर “वैष्णवी पैकर्स एंड मूवर्स” का बोर्ड लगा था ताकि मोहल्ले वालों को किसी तरह का शक न हो। लोगों को बताया गया था कि अंदर बिस्किट की पैकिंग होती है और कई बार उन्हें बिस्किट खिलाये भी गये। मोहल्ले के लोग हैरान हैं कि इतने लंबे समय तक उनके सामने यह अवैध धंधा कैसे चल गया।
गिरफ्तार युवकों ने पुलिस को बताया कि वे सस्ती शराब को नई बोतलों में भरकर ब्रांडेड रैपर और सील के साथ पैक करते थे। इसके बाद इन बोतलों को झारखंड और बिहार के कई जिलों में बसों या अन्य साधनों से भेजा जाता था। लोकल सप्लाई का काम एक युवक राकेश करता था, जो फिलहाल फरार है। वह रोज बाइक से बैग में शराब भरकर रांची और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। छापेमारी टीम में उत्पाद निरीक्षक संजय कुमार, अवर निरीक्षक पंकज कुमार, श्वेता कुमारी, रूपेश कुमार और प्रकाश मिश्रा समेत अन्य पुलिस बल शामिल थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।










