Chouparan(Krishna Paswan) : चौपारण प्रखंड के जगदीशपुर गांव में जब आसमान से गिरी मौत ने दो ज़िंदगियों को छीन लिया, तब गांव की हवाओं में भी मातम घुल गया। 16 साल के बंटी भुइयां और करिश्मा देवी की वज्रपात से हुई असामयिक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद बरही के विधायक मनोज कुमार यादव खुद गांव पहुंचे, पीड़ित परिवारों को गले लगाया और कहा, “आप अकेले नहीं हैं।”
विधायक ने बंटी के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी और चंद लम्हों के लिए ही सही, मगर उनके आंसू पोंछे। चौपारण के अंचलाधिकारी को फोन कर उन्होंने मुआवज़ा राशि में देरी न हो, इसका सख़्त निर्देश दिया। गांववालों को उन्होंने बताया कि बिजली सिर्फ उजाला नहीं देती, खतरा भी लाती है, और समझाया कि कैसे सावधानी से ऐसे हादसों से बचा जा सकता है। उनके साथ जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की एक लंबी कतार थी।










