Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के मदगड़ी गांव में हुये डायन-बिसाही कांड की जांच के लिए शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की तीन सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची। टीम में राजेंद्र राम, लाजारूस तिर्की और अनु अंजलि तिर्की शामिल थे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ित परिवारों से बातचीत की और कानूनी सहायता व हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। टीम ने तत्काल राहत के रूप में 50 किलो राशन भी उपलब्ध कराया। जानकारी के अनुसार, इस घटना से 16 परिवार प्रभावित हैं, जिनका भरण-पोषण पहले अमर लोहार करते थे। अब इन परिवारों ने डीएलएसए से न्यायिक व आर्थिक सहायता की मांग की है। डीएलएसए की सचिव निभा रंजन लकड़ा ने कहा कि इस कठिन समय में प्राधिकार पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव सहयोग दिया जायेगा।
यहां याद दिला दें कि बीते मंगलवार शाम बड़गढ़ थाना क्षेत्र के मदगड़ी (च) गांव में डायन-बिसाही के आरोप को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान एक 60 वर्षीय महिला की टांगी से वार कर हत्या कर दी गई थी। जवाबी कार्रवाई में मृतका के बेटे अमर लोहरा ने कथित हत्यारे बाधा किसान को घायल कर दिया। पुलिस ने मामले की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










