Garhwa(Nityanand Dubey) : झालसा रांची के निर्देश और गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) मनोज प्रसाद के आदेशानुसार, विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा ने राम साहू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय में एक विशेष विधिक जागरूकता अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य मकसद छात्रों एवं आम जन को उनके मौलिक मानवाधिकारों तथा उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं के बारे में जागरूक करना था। आज आयोजित इस कार्यक्रम में 1948 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा अपनाई गई मानवाधिकारों की सार्वभौम घोषणा की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है।
LADC डिप्टी चीफ नित्यानंद दुबे ने छात्रों को जीवन का अधिकार, स्वतंत्रता, समानता, शिक्षा का अधिकार और शोषण के विरुद्ध अधिकार जैसे मूलभूत मानवाधिकारों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने छात्रों के साथ संवाद स्थापित करते हुए प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया, जिसमें छात्रों ने मानवाधिकार और कानूनी प्रक्रिया से जुड़े प्रश्न पूछे। LADC विजय कुमार ने छात्रों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने यह भी समझाया कि जरूरतमंद व्यक्ति किस प्रकार निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। PLB रवींद्रनाथ पाठक और अरविंद तिवारी ने भी अपने संबोधन में मानवाधिकार व विधिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, गढ़वा थाना क्षेत्र के डुमरिया उच्च विद्यालय में LADC प्रवीन्द कुमार साहू के नेतृत्व में मानवाधिकार दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं गढ़वा अस्पताल में डिप्टी चीफ अनिता रंजन के नेतृत्व में मानवाधिकारों और विधिक सहायता से संबंधित जानकारी देने हेतु अभियान संचालित किया गया।






