Kohramlive : धर्मेंद्र, वो नाम, जो स्क्रीन पर ही-मैन था और असल जिंदगी में एक ठहरा हुआ सुकून। आज दिल्ली में हेमा मालिनी और उनकी बेटियों ने पिता, पति और जीवनभर के साथी को प्रार्थना में याद किया। दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इस प्रार्थना सभा में हेमा मालिनी अपनी बेटियों एशा और अहाना के साथ पहुंचीं। एशा ने पिता की तस्वीर पर पुष्प रखते हुये अपनी भावनाओं को थामने की पूरी कोशिश की, पर चेहरा बता रहा था कि दिल भीतर से कितना भरा है। एशा के एक्स-हसबैंड भरत तख्तानी भी पहुंचे। प्रार्थना सभा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, निर्मला सीतारमण, भूपेंद्र यादव, प्रह्लाद जोशी, सांसद जितेंद्र सिंह, बांसुरी स्वराज और दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पहुंची। शाम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी धर्मेंद्र की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, “धर्मेंद्र जी से मेरे निजी संबंध रहे। उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिये बहुत बड़ा नुकसान है। हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे।” धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा में दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से फैंस तस्वीरें लिये पहुंचते रहे। कुछ दिन पहले, सनी देओल और बॉबी देओल ने मुम्बई में पिता की याद में ‘सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ’ रखा, जहां धर्मेंद्र को संगीत के जरिये श्रद्धांजलि दी गई।





