Bihar : बिहार में दिसंबर की सर्दी अब सिर्फ ठिठुरन नहीं, बल्कि आफत बनती जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 से 22 दिसंबर तक राज्य के करीब 20 जिलों में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर उत्तर और पश्चिम बिहार में हालात ज्यादा गंभीर रहने वाले हैं। पश्चिमी-पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, दरभंगा, वैशाली, गया और भागलपुर जैसे जिलों में सुबह और रात के वक्त विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट सकती है। यानी सड़क पर आगे देख पाना भी मुश्किल। वहीं राजधानी पटना में दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बावजूद ठंड का असर कम नहीं हो रहा। घना कोहरा धूप को ढक रहा है, जिससे दिनभर ठिठुरन बनी हुई है।
क्यों छाया है इतना घना कोहरा?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पछुआ हवायें, सतह पर ज्यादा नमी और हवा की रफ्तार कम होने से कोहरे की मोटी चादर जम गई है। ये हालात अगले कुछ दिनों तक बने रह सकते हैं। घने कोहरे ने सड़क सुरक्षा को बड़ा संकट बना दिया है। गोपालगंज, बक्सर समेत कई जिलों में कम विजिबिलिटी के कारण हादसे बढ़े हैं, जिनमें जान-माल का नुकसान हुआ है।जिला प्रशासन को अलाव और राहत इंतजाम के निर्देश दिये गये हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 7 दिन ठंडे रहेंगे, सुबह-शाम कोहरा और दिन में हल्की धूप मिल सकती है। तापमान में बड़ा बदलाव नहीं, लेकिन ठंड धीरे-धीरे और बढ़ेगी।






