Ranchi : एक ओर पूरा देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, तो दूसरी ओर झारखंड की राजधानी रांची की सड़कों पर सैकड़ों छात्र तिरंगा हाथ में लेकर अपने भविष्य की लड़ाई लड़ते नजर आये। देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोष के बीच निकले इस तिरंगा मार्च में छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की CBI जांच की मांग दोहराई। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच और अन्य छात्र संगठनों के आह्वान पर निकली इस यात्रा में करीब 300 मीटर लंबा तिरंगा आकर्षण का केंद्र रहा। मार्च में शामिल हर छात्र के हाथ में तिरंगा था, जबकि अनशन पर बैठे एक छात्र और एक छात्रा भी व्हीलचेयर पर यात्रा में शामिल हुये।
“मांगें पूरी होंगी, तभी खत्म होगा आंदोलन”
छात्रों का कहना है कि JPSC, JSSC CGL समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बहाल करना और कथित धांधली की जांच CBI से कराना उनकी प्रमुख मांग है। छात्राओं ने कहा कि सरकार जैसे ही मांगें मानेगी, आंदोलन स्वतः समाप्त हो जायेगा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच तिरंगा यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर कचहरी चौक, लालपुर, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक होते हुये वापस स्टेडियम पहुंची। पूरे मार्ग में पुलिस बल तैनात रहा और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।















