Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा समाहरणालय सभागार में मंगलवार को आयोजित जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक में विकास, बैंकिंग और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर गंभीर मंथन हुआ। गढ़वा के DC पशुपतिनाथ मिश्रा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुये साफ कहा कि योजनायें समय पर लाभुकों तक पहुंचनी चाहिये। यही किसी जिले के बेहतर प्रदर्शन का असली पैमाना है। उन्होंने कहा कि जिले का प्रदर्शन तभी उत्कृष्ट माना जायेगा, जब योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर लोगों तक पहुंचे और सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता लगातार बेहतर होती रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार कर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। बैठक में जिले के सभी प्रमुख बैंकों, विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की गई और लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिये गये। DC ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (PMEGP), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), मुद्रा लोन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ पहुंचाया जाये। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि पीएम किसान योजना से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निष्पादन हो और किसानों के लिये केसीसी प्रक्रिया को आसान बनाया जाये।
गढ़वा का CD रेशियो घटा, DC ने जताई चिंता
बैठक के दौरान जिले के सीडी (क्रेडिट-डिपॉजिट) रेशियो की समीक्षा की गई। आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में जिले का सीडी रेशियो 46 प्रतिशत था, जो चौथी तिमाही में घटकर 42.96 प्रतिशत रह गया। इस पर DC पशुपतिनाथ मिश्रा ने चिंता जताते हुये बैंक अधिकारियों को ऋण वितरण बढ़ाने और वित्तीय गतिविधियों को गति देने का निर्देश दिया।
इन बैंकों ने किया बेहतर प्रदर्शन
जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष पांच बैंकों में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक, ICICI बैंक शामिल रहे। वहीं, बैठक में सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाले पांच बैंकों की सूची भी जारी की गई। इनमें पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, IDBI बैंक एवं इंडियन बैंक शामिल हैं। DC ने इन बैंकों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने की सख्त हिदायत दी। बैठक में PMEGP, PMFME, दीदी लखपति योजना, पीएम स्वनिधि, जनधन योजना, मुद्रा लोन, स्वयं सहायता समूह, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और बैंक रहित गांवों तक सेवाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
दो परिवारों को मिला 2-2 लाख रुपये का सहायता चेक
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत दो लाभुक परिवारों को राहत राशि के डमी चेक भी सौंपे गये। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से झूलन साव और विकास कुमार के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि, नाबार्ड के अधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, आरसेटी प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगा कड़ा एक्शन…
इसे भी पढ़ें : CBSE को मिला नया मुखिया, ये सीनियर IAS संभालेंगे कमान…
इसे भी पढ़ें : शादीशुदा महिला से प्यार, पुलिस ने खोला सनसनीखेज राज…
इसे भी पढ़ें : राजधानी रांची में चली गो’ली, दो साल पहले भतीजा मा’रा गया, अब चाचा को दागी गो’ली…
इसे भी पढ़ें : सड़क पर उतरे सांसद और विधायक समेत 12 पर FIR…






