Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के DC शेखर जमुआर एक्शन मोड में हैं। जन वितरण प्रणाली (PDS) में हो रही गड़बड़ियों को बर्दाश्त न करते हुये उन्होंने मेराल और भंडरिया प्रखंड के दो राशन डीलरों की अनुज्ञप्तियां तुरंत प्रभाव से रद्द कर दीं। कम राशन देने वालों की अब खैर नहीं। गढ़वा की मिट्टी में अब कोई भूखा नहीं सोयेगा और जो राशन हजम करेंगे, वे सलाखों के पीछे जायेंगे।
पहला वार मेराल के संजय प्रसाद पर हुआ। DC शेखर जमुआर जब चरका पत्थर पूर्वी की दुकान पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे तो लाभुकों ने खुलेआम कहा, “हमें पूरा राशन नहीं मिलता!” एक लाभुक कुश कुमार के राशन का तौल हुआ, जहां 35 किलो राशन होना चाहिये था, वहां बोरी सहित निकला सिर्फ 33 किलो। डीलर ने खुद कबूल किया कि वो कम राशन देता है। दूसरा वार भंडरिया के बोधन सिंह पर हुआ। यहां तो दुकान ही बंद मिली। पहले से सूचना के बावजूद न दुकान खुली, न डीलर मिला। मोबाइल भी बंद। स्थानीय लोग बोले, “यह डीलर हमें समय से राशन नहीं देता, पर्ची काटकर बाद में बुलाता है और अब फरवरी का राशन भी नहीं बांटा गया है।” DC शेखर जमुआर ने साफ कहा कि “जन वितरण प्रणाली में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा।” राशन समय पर मिलता है, फिर भी अगर कोई डीलर लाभुकों को लूटता है तो उसकी दुकान बंद कर दी जायेगी। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। राशन में धोखा नहीं चलेगा।














