Hazaribagh(Krishna Paswan) : हजारीबाग के नगर भवन में जब सैकड़ों महिलाएं अपने आत्मविश्वास की लौ जलाये बैठी थीं, तब मंच पर खड़ी DC नैंसी सहाय की आवाज पूरे सभागार में गूंज उठी। “नारी का सम्मान ही समाज की वास्तविक प्रगति है,” उन्होंने कहा, और हर चेहरा गर्व से दमक उठा। DC ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुये बताया कि कैसे हर सफल महिला के पीछे उसकी मेहनत, संघर्ष और आत्मविश्वास का मजबूत स्तंभ होता है। “सशक्त महिला ही सशक्त समाज का निर्माण करती है,” ये शब्द वहां बैठी हर महिला के दिल में आत्मबल का संचार कर गये। उन्होंने प्रोजेक्ट ‘जागृति’ के बारे में बताते हुये कहा कि यह योजना न सिर्फ बच्चियों के शिक्षण उत्थान के लिए कार्य कर रही है, बल्कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी डटकर खड़ी है। उन्होंने कहा “जहां नारी का मान, वहीं समाज की पहचान।”
कार्यशाला के दौरान DC नैंसी सहाय ने बड़ी आत्मीयता से वहां मौजूद महिलाओं से अपील की कि घर की बेटियां अगर कुछ कर दिखाने का जज़्बा रखती हैं, तो उन्हें हर कदम पर हौंसला देने के लिये परिवार को साथ खड़ा रहना चाहिये। “महिलाएं अपना आत्मविश्वास और सम्मान बनाये रखें,” उनके इन शब्दों ने हर नारी मन को नई ऊर्जा से भर दिया। इस खास अवसर पर सरकार की कई योजनाओं का जिक्र भी हुआ। पीएम मातृत्व वंदना योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
आंखों में आंसू और दिल में उम्मीद लिये कई महिलाएं उस क्षण को कभी भूल नहीं पायेंगी जब DC नैंसी सहाय ने राज्य विधवा पुनर्विवाह योजना के लाभुकों को अपने हाथों से दो-दो लाख रुपये के चेक सौंपे। सावित्री कुमारी, प्रीति कुमारी, मधु कुमारी और निजहत नाजनीन जैसी महिलाओं को जब सम्मान मिला तो उनकी मुस्कान बता रही थी कि उनके संघर्षों का आज सम्मान हुआ है। जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा 29 आंगनबाड़ी सेविकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिये सम्मानित किया गया। यह पल उन महिलाओं के लिये किसी उत्सव से कम नहीं था, जिन्होंने समाज की नन्हीं कलीयों के भविष्य को संवारने के लिये दिन-रात एक कर दिया। वहीं, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 30 बालिका विद्यालयों को सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें और 7500 सैनिटरी पैड वितरित किये गये।
इस मौके पर समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा, उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देव प्रिया समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का यह आयोजन नारीशक्ति के सम्मान, संघर्ष और उपलब्धियों का जीवंत प्रतीक बन गया, जहां हर महिला के चेहरे पर आत्मविश्वास की चमक और दिल में नई उम्मीदों की किरण जगमगा रही थी।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज स्थानीय नगर भवन में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया इस कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई। इस मौके पर प्रोजेक्ट जागृति जोकि बच्चियों के शिक्षण उत्थान के लिए कार्य कर रही है। इसकी जानकारी सभी महिलाओं एवं किशोरियों से साझा किय। pic.twitter.com/AeKhT2U2qj
— DC Hazaribag (@DC_Hazaribag) March 8, 2025








