Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा को नशे के जाल से बाहर निकालने की मुहिम तेज हो गई है। मंगलवार को DC-सह-जिला दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में NCORD (मादक पदार्थों की तस्करी एवं रोकथाम) समिति की अहम बैठक हुई, जिसमें अफसरों को साफ निर्देश दिये गये—अब सिर्फ बात नहीं, कार्रवाई होगी।
बैठक में तय हुआ कि जिले में अफीम, गांजा, चरस या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ की खेती और तस्करी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। DC ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखें और कोई भी सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करें। DC ने यह भी दोहराया कि यह बैठक सिर्फ फॉर्मेलिटी नहीं, बल्कि गढ़वा के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ठोस कदम है।
आगामी बैठक की कमान ड्रग इंस्पेक्टर संभालेंगे और अब तक हुई कार्रवाई का ब्यौरा पेश करेंगे। नारकोटिक्स विभाग, स्थानीय केमिस्ट और संबंधित अफसरों को भी अगली बैठक में बुलाया जायेगा ताकि फैसले और सख्त हो सकें। प्रशासन अब स्कूल-कॉलेजों में नशा विरोधी अभियान चलाने, दवा दुकानों की नियमित जांच और पुलिस-प्रशासन के बीच तालमेल मजबूत करने पर खास जोर दे रहा है। DC ने जनता से भी अपील की—अगर नशे से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो चुप न रहें, प्रशासन तक जरूर पहुंचाये। लक्ष्य साफ है—’नशामुक्त गढ़वा’।









