Gumla : गुमला में एक 13 साल की बच्ची के साथ जो हुआ, उसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। छठी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा गुरुवार शाम अचानक घर से लापता हो गयी। परिवार ने उसे आसपास खूब तलाशा। हर गुजरते मिनट के साथ उनकी चिंता बढ़ती गयी। करीब दो घंटे बाद बच्ची घर के पास बेसुध हालत में मिली। परिजनों का आरोप है कि कुछ युवक उसे जबरन अपने साथ ले गये थे। परिवार ने उसके साथ गंभीर आपराधिक घटना होने की आशंका जतायी है। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान मिलने का भी परिजनों ने दावा किया है। बच्ची की हालत देखकर परिजन उसे तुरंत कोलेबिरा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से बेहतर इलाज के लिए सिमडेगा भेजा गया। बाद में उसे गुमला सदर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे रिम्स रेफर कर दिया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार किसी तरह इलाज का इंतजाम कर बच्ची को लेकर रांची रवाना हो गया।
बच्ची का बयान सामने आना बाकी
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गयी है। टीम गांव पहुंचकर परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। बच्ची की गंभीर हालत के कारण फिलहाल उसका बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि बच्ची के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी। इधर, प्रतिज्ञा महिला एसोसिएशन की देवकी देवी ने परिवार से मुलाकात कर बच्ची के बेहतर इलाज और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल परिवार की सारी उम्मीदें अस्पताल में भर्ती उस बच्ची पर टिकी हैं, जो जिंदगी की इस मुश्किल घड़ी से जूझ रही है।





