Garhwa : अगर आपके WhatsApp पर गढ़वा के DC पशुपतिनाथ मिश्रा के नाम और उनकी आधिकारिक तस्वीर वाला कोई मैसेज आये और उसमें पैसे या कोई निजी जानकारी मांगी जाये, तो सावधान हो जाइये। साइबर क्रिमिनलों ने उपायुक्त के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी WhatsApp अकाउंट बना लिया है। इस फर्जी प्रोफाइल से अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं। मामले की जानकारी सामने आते ही जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क किया है और किसी भी तरह के झांसे में नहीं आने की अपील की है। इस नंबर से लोगों को मैसेज भेजकर वित्तीय सहायता और गोपनीय जानकारी मांगे जाने की बात सामने आई है। यानी स्क्रीन पर नाम और तस्वीर देखकर किसी को यह भ्रम हो सकता है कि संदेश खुद उपायुक्त की ओर से भेजा गया है। लेकिन प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अनजान नंबर से उपायुक्त की ओर से ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा जा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर गढ़वा के DC के नाम से किसी संदिग्ध नंबर से मैसेज आये या पैसों की मांग की जाये तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को भ्रमित करने और ठगी की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
📢 सार्वजनिक सूचना
उपायुक्त के नाम से व्हाट्सएप पर फर्ज़ी अकाउंट बनाए जाने की सूचना प्राप्त हुई है। उपायुक्त द्वारा केवल आधिकारिक माध्यमों से ही संपर्क किया जाता है। अतः किसी भी फर्ज़ी या संदिग्ध संदेश/अकाउंट से सतर्क रहें और उस पर विश्वास न करें।@JharkhandCMO#CyberSafety pic.twitter.com/iQc4KqJGXM
— DC GARHWA (@dc_garhwa) August 10, 2026















