UP : शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही एक कार से करीब 3 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है। राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने शनिवार को पिलखुवा के छिजारसी टोल के पास खुफिया सूचना पर यह कार्रवाई की। तलाशी के दौरान एक बैग से 35 लाख रुपये मिले। वहीं, कार के दरवाजों में बने गुप्त खानों से 2.65 करोड़ रुपये बरामद किये गये। DRI के मुताबिक, कार सवार लोग इतनी बड़ी रकम से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सके। नकदी कहां से आई, इसकी जानकारी भी नहीं दे पाए। इसके बाद आयकर विभाग को सूचना दी गई। आगामी चुनावों के मद्देनजर इस बरामदगी को अहम माना जा रहा है। हालांकि, नकदी का चुनावों से कोई संबंध होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। अब आयकर विभाग रकम के स्रोत और पूरे मामले की जांच करेगा।








