Hazaribagh : पुलिस और जनता के बीच भरोसे की डोर को मजबूत करने की दिशा में शनिवार को हजारीबाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों में थाना दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस कप्तान के निर्देश पर आयोजित इस पहल में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी कराया गया। जिले के बरही थाना, दारू थाना, गिद्दी थाना, ईचाक थाना, कटकमदाग थाना तथा पदमा ओपी में संबंधित अंचलाधिकारियों की मौजूदगी में थाना दिवस आयोजित हुआ। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें और आवेदन लेकर पहुंचे।
भूमि से लेकर पारिवारिक विवाद तक सुनी गई हर बात
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, आपसी मारपीट, रास्ता विवाद और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। पुलिस पदाधिकारियों और अंचलाधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातें धैर्यपूर्वक सुनीं और कई मामलों का आपसी सहमति के आधार पर मौके पर ही निष्पादन कराया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके शीघ्र निस्तारण के लिये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये।
‘छोटी बात को बड़ा विवाद न बनने दें’
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद बढ़ाने के बजाय थाना दिवस जैसे मंच का उपयोग करें और कानूनी व शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याओं का समाधान करायें। उन्होंने कहा कि भूमि और पारिवारिक विवादों का समय पर निपटारा होने से सामाजिक सौहार्द बना रहता है और अनावश्यक तनाव से भी बचा जा सकता है। थाना दिवस के बाद ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि ऐसे आयोजनों से आम लोगों को अपनी बात रखने का सहज अवसर मिलता है और पुलिस-प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है।
इसे भी पढ़ें : इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया…
इसे भी पढ़ें : बागियों को ‘गद्दार’ करार देते हुये ममता बनर्जी बोली, मुझे रोकना है तो पहले जान लेनी होगी…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन दिल्ली में दिखायेंगे AI से बदलते नये झारखंड की तस्वीर…
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में ऐसे चलाई गाड़ी तो खैर नहीं!
इसे भी पढ़ें : जंगल में बन रहे थे देसी कट्टे, अचानक पहुंची पुलिस, फिर…








