Hazaribagh : ”समाज की प्रगति और आर्थिक समृद्धि के लिये विकास बेहद जरूरी है, लेकिन यह भी जरूरी है कि विकास के चलते प्रभावित होने वाले स्थानीय निवासियों और विस्थापितों की समस्याओं का समाधान किया जाये।” यह कहना है हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त पवन कुमार का। मौका था हजारीबाग के बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में NTPC कोल खनन परियोजना के विस्थापितों की समस्याओं के समाधान हेतु आयोजित बैठक का। आयुक्त पवन कुमार ने कहा कि जब खनन परियोजना के कार्यों के कारण लोगों की जमीनों का अधिग्रहण किया जाता है, तो यह जरूरी है कि विस्थापितों को उनकी आजीविका, भूमि और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े। विकास के साथ उनके हितों को सुनिश्चित किया जाना चाहिये और उन्हें उचित मुआवजा, रोजगार के अवसर और भूमि पुनर्वास जैसे विकल्पों की पेशकश की जानी चाहिये।
समितियों का गठन
बैठक में विस्थापितों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई समस्याओं का जिक्र किया गया। जैसे, 2.2 बाईपास रोड का निर्माण न हो पाना, उचित मुआवजा राशि का न मिल पाना, विस्थापितों को रोजगार के अवसरों का न मिलना, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और धार्मिक स्थलों का पुनर्स्थापन, हेवी मशीनरी के उपयोग और ब्लास्टिंग से होने वाली समस्याएं, रोड एक्सीडेंट के बाद आश्रितों को मुआवजा न मिलना, खनन से होने वाले प्रदूषण और पानी की समस्या। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुये आयुक्त पवन कुमार ने तीन से चार समितियों के गठन की सलाह दी, जो प्रत्येक माह संबंधित समस्याओं का सर्वे करके समाधान प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद इन समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। आयुक्त ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिये आपसी विवादों को दूर करना और स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधि तथा NTPC के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना जरूरी है। इस समन्वय से विस्थापितों और NTPC अधिकारियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा, और तालमेल से समस्याओं का उचित समाधान निकाला जा सकेगा। बैठक के अंत में हजारीबाग की DC नैंसी सहाय ने सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुये कहा कि जल्द ही आयुक्त के निर्देशानुसार समितियों का गठन कर समस्याओं का समाधान शुरू किया जायेगा। बैठक में हजारीबाग के सांसद, बड़कगांव के पूर्व और वर्तमान विधायक, हजारीबाग के अपर समाहर्ता, NTPC के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।








