Garhwa(Nityanand Dubey) : शहर की गलियों में महापर्व दुर्गा पूजा की आहट है, ढोल-नगाड़े की थाप अभी दूर है, पर तैयारियों की हलचल प्रशासनिक गलियारों तक पहुंच चुकी है। इसी कड़ी में बुधवार को SDO संजय कुमार ने अपने साप्ताहिक कार्यक्रम ‘कॉफी विद एसडीएम’ में पूजा समितियों के साथ संवाद किया। करीब दो दर्जन समितियों के पचास से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुये और अपने-अपने अनुभवों, चिंताओं और उम्मीदों की परतें खोलते चले गयो।
स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा बनी प्राथमिकता
मां भगवती पूजा समिति, नाहर चौक के कौशल कुमार ने आरती के समय अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की। लगमा समिति ने नाट्य मंचन के दौरान सुरक्षा का मुद्दा उठाया। गढ़वा काली पूजा समिति ने हाई मास्ट लाइट और जलजमाव की समस्या बताई। नवादा समिति ने हाईवे पर लगने वाले जाम से राहत चाही। SDO ने भरोसा दिलाया कि “हर समस्या का समाधान होगा, ताकि महापर्व में कोई व्यवधान न आये।”
अवैध शराब और असामाजिक तत्वों पर सख्ती
कुछ समितियों ने पर्व के दौरान शराबबाजी की शिकायत की। SDO ने उत्पाद विभाग और पुलिस को विशेष अभियान चलाने और वाहन चालकों की रैंडम जांच करने का निर्देश दिया। मदरसा रोड समिति के प्रतिनिधि ने असामाजिक तत्वों की शिकायत की, जिस पर उनसे लिखित आवेदन मांगा गया। टंडवा के जय मां शेरावाली संघ ने राम-बांध तालाब की दुर्दशा पर चिंता जताई। जलकुंभी से ढके तालाब को लेकर SDO ने नगर परिषद को तत्काल सफाई का आदेश दिया।
कुछ समितियों ने सौंदर्यीकरण पर हुये खर्च की जांच की मांग भी रखी। संवाद के इस मंच पर उम्मीदों की लौ जली और प्रशासन ने भरोसे का दीप जलाया। SDO संजय कुमार ने कहा, “दुर्गा पूजा हमारी आस्था और संस्कृति का पर्व है।प्रशासन का प्रयास होगा कि यह उत्सव स्वच्छता, प्रकाश और शांति के बीच मनाया जाये।”
दिशा-निर्देश और अपील
- विशेष हेल्पलाइन नंबर जल्द जारी होगा।
- सभी पात्र समितियों को मिलेगा लाइसेंस।
- मंदिरों व पंडालों के पास मांस-मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी।
- समितियां स्वयंसेवक नियुक्त करेंगी, पंडालों में अग्निशामक यंत्र और CCTV लगाने की अपील।








