Bihar : बिहार के CM नीतीश कुमार इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) पहुंचे और 1200 बेड वाले नये अस्पताल भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। CM ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लायें, ताकि मरीजों को जल्द बेहतर इलाज मिल सके। निरीक्षण के दौरान CM ने बड़ा विजन रखा कि IGIMS को भविष्य में 3000 बेड का विशाल मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह ब्लॉक बिहार के मरीजों को दूसरे राज्यों की दौड़ से राहत देगा। CM नीतीश कुमार ने 2005 के दौर को याद करते हुये कहा कि तब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की हालत बेहद खराब थी। उन्होंने बताया, पहले एक अस्पताल में महीने भर में सिर्फ 39 मरीज आते थे, आज यह संख्या बढ़कर 11,600 हो गई है। CM नीतीश कुमार ने मीडिया को बताया कि बिहार में पहले सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 12 हो चुके हैं। वहीं, PMCH को 5400 बेड और अन्य पुराने कॉलेजों को 2500 बेड क्षमता के साथ विकसित किया जा रहा है। इस मौके पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।













