Garhwa(Nityanand Dubey) : “राज्य सरकार ने श्री बंशीधर महोत्सव को अब राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया है, ताकि यह महोत्सव देश-दुनिया में एक नया मुकाम हासिल कर सके।” यह कहना है CM हेमंत सोरेन का। मौक़ा था गढ़वा में आयोजित श्री बंशीधर महोत्सव-2025 के उद्घाटन समारोह का। CM हेमंत सोरेन ने श्री बंशीधर महोत्सव-2025 के उद्घाटन करते हुये क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम योजनाओं का ऐलान किया। उन्होंने राज्यवासियों के उत्थान और विकास के लिए आगामी योजनाओं की रूपरेखा भी साझा की। CM ने महिलाओं की शक्ति को सम्मानित करते हुए कहा, “झारखंड में नारी को सम्मान देने का काम हमारी सरकार ने किया है, और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राज्य की महिलाएं आत्मनिर्भर बनें।” इस मौके पर उन्होंने गढ़वा को 183 करोड़ रुपये की लागत वाली 27 योजनाओं की सौगात दी।
जल संकट पर चर्चा करते हुए CM ने पलामू प्रमंडल के लिए कनहर परियोजना की शुरुआत की जानकारी दी, जो 1200 करोड़ रुपये की लागत से किसानों को पानी उपलब्ध करायेगी। साथ ही, उन्होंने राज्य में बिजली, सड़क निर्माण और आधारभूत संरचनाओं के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
CM ने इस मौके पर 45 करोड़ रुपये की लागत से 8 योजनाओं का शिलान्यास किया और 136 करोड़ रुपये की लागत से 19 योजनाओं का उद्घाटन किया। इन योजनाओं में मल्टीपरपस इनडोर स्टेडियम, स्वास्थ्य और सड़क निर्माण की योजनाएं शामिल हैं।मौके पर विधायक अनंत प्रताप देव, कल्पना सोरेन, नरेश प्रसाद सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। CM ने अपने संबोधन में जनता का आभार व्यक्त करते हुए राज्य में विकास की गति को तेज करने का वादा किया।










