Ranchi : CM हेमंत सोरेन दावोस और यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे के बाद मंगलवार शाम रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल और आम लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। गौरतलब है कि CM हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहली बार दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक बैठक में शामिल हुआ। यह झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है, जहां राज्य ने वैश्विक मंच पर अपनी संभावनाओं और प्राथमिकताओं को रखा। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच से मिले अनुभव राज्य के विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि दावोस और लंदन में झारखंड की आवाज दुनिया तक पहुंची है और राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है जब झारखंड ने इतने बड़े वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरे के अनुभवों का उपयोग राज्य के जल, जंगल, जमीन और यहां मौजूद अपार संभावनाओं को नए आयाम देने में किया जायेगा। शिक्षा और निवेश के क्षेत्र में भी सकारात्मक पहल की जायेगी, ताकि राज्य की युवा पीढ़ी को बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने दोहराया कि झारखंड को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।








