Ghatshila : झारखंड की मिट्टी में इन दिनों चुनावी हवा तेज है, डुगडुगी बज चुकी है, झंडे लहरा रहे हैं और नेताओं की आवाजें गांव-गांव गूंज रही हैं। घाटशिला उपचुनाव को लेकर अब मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को CM हेमंत सोरेन ने मुसाबनी प्रखंड के कुईलीसुता गांव स्थित मार्शल मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच पर झामुमो के दिग्गज नेता, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, कई विधायक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। CM हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुये कहा कि हमेशा विपक्ष के लोग दलितों और आदिवासियों की आवाज को दबाने की कोशिश करते रहे हैं। मुझ पर भी झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल दिया गया, लेकिन हमारी लड़ाई झारखंड की अस्मिता की है और यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने बिना नाम लिये पूर्व CM चंपई सोरेन पर तंज कसा और बोले, “मैंने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन आज वे झामुमो छोड़ बीजेपी में चले गये पर याद रखिये, किसी एक के जाने से झामुमो को फर्क नहीं पड़ता। हमारी ताकत जनता है, नेता नहीं।” CM ने कहा कि दिवगंत रामदास सोरेन घाटशिला की आत्मा थे। उन्होंने हमेशा कहा कि घाटशिला को शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य में आगे लाना है। आज मैं जनता से वादा करता हूं उनका सपना अधूरा नहीं रहेगा।” CM हेमंत ने ऐलान किया कि ट्राइबल यूनिवर्सिटी घाटशिला प्रखंड में बनेगी और इंजीनियरिंग कॉलेज मुसाबनी में स्थापित होगा, ताकि यहां के बच्चे भी बेहतर शिक्षा पा सकें और अपने पैरों पर खड़े हो सकें। उन्होंने जनता से अपील की कि आपका एक वोट सोमेश चंद्र सोरेन को नहीं, दिवंगत रामदास सोरेन की अधूरी इच्छाओं को पूरा करेगा। सभा में मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि रामदास सोरेन ने घाटशिला की धरती को औद्योगिक पहचान दी। उनके प्रयासों से हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, माइंस और केंद्रीय खान विभाग में नये अवसर खुले। राखा और सिद्धेश्वर चापड़ी माइंस अब खुलने की दहलीज पर हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री के प्रयासों से सभी माइंस को 20 साल का लीज मिला, जिससे हजारों परिवारों का जीवन बदला। उनका सपना था कि घाटशिला में ट्राइबल यूनिवर्सिटी खुले और अब वक्त है कि हम सब मिलकर वह सपना पूरा करें।
‘रामदास का बेटा, जनता का नेता’
सभा के अंत में जब सोमेश चंद्र सोरेन मंच पर आये, तो भीड़ ने नारे लगाये “रामदास का सपना, हेमंत का वादा, पूरा होगा झारखंड का इरादा।” कुईलीसुता का मार्शल मैदान झंडों और जयघोष से गूंज उठा, झामुमो का कारवां आगे बढ़ चुका है, और घाटशिला की चुनावी हवा में अब हेमंत की हुंकार गूंज रही है, “कोई आये या जाये, झामुमो झारखंड की जनता के दिलों में बसता है।”










