Kohramlive : एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सपना देवी, उनका बेटा अमनप्रीत उर्फ सनी और देवर बलबीर सिंह शामिल हैं, जबकि सपना का पति दर्शन सिंह घायल है और अस्पताल में भर्ती है।

तेज बारिश और बाढ़ के चलते 100 से ज्यादा गाड़ियां और दोपहिया वाहन मलबे में दब गये या बह गए। कई लोगों को घर की खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। राहत और बचाव कार्य में पुलिस, NDRF और होमगार्ड की टीमें जुटी हैं। मंडी के जेल रोड, सैण मोहल्ला और जोनल अस्पताल क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। 50 से अधिक घरों और दुकानों में मलबा घुस गया, लोग रात में ही घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। मंडी सदर क्षेत्र के सभी स्कूल मंगलवार को बंद रखे गये।

भारी भूस्खलन से कई सड़कें बाधित हो गई हैं, जिनमें मंडी-रिवालसर रोड और मंडी से अस्पताल जाने वाली सड़कें शामिल हैं। ब्यास, सुकेती और सकोडी खड्ड उफान पर हैं, जिससे नदी किनारे बसे लोगों में दहशत है। सुबह नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक अनिल शर्मा, मेयर वीरेंद्र भट्ट और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और जयराम ठाकुर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।












