Bihar : राजगीर में ‘बहुजन भीम संकल्प समागम’ के मंच से चिराग पासवान ने साफ कर दिया,“मैं बिहार से नहीं, बिहार के लिये चुनाव लड़ूंगा।” भीड़ से खचाखच सभा में उन्होंने ऐलान किया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के विजन के साथ 243 सीटों पर उतरेगी। चिराग की रैली में उमड़ी भीड़ संभालना मुश्किल हो गया। जब वे गाड़ी की छत से अभिवादन कर रहे थे, कुछ समर्थक ऊपर चढ़ गये, जिससे अफरातफरी मच गई। गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
तेजस्वी पर तंज, कांग्रेस पर हमला
चिराग ने कहा, “20 महीने में 20 साल का काम? पहले वो जमीन लौटाओ जो नौकरी के नाम पर ली थी।” उन्होंने कांग्रेस को 1975 की इमरजेंसी की याद दिलाई और विपक्ष पर लोकतंत्र को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। चिराग ने बताया कि उनके पिता स्व. रामविलास पासवान ने ही संसद में पहली बार डॉ. अंबेडकर की तस्वीर लगवाई थी। चिराग बोले, “जब तक मैं हूं, संविधान और आरक्षण पर कोई आंच नहीं आयेगी।” उन्होंने वादा किया बिहार को विकसित बना कर ही दम लेंगे।










