Jamshedpur : जिन नन्हे हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिये, उन्हीं हाथों को जब अपनी बुनियादी सुविधाओं के लिये आवाज उठानी पड़े, तो यह व्यवस्था के लिये गंभीर सवाल है। स्कूल जाने, पढ़ने और खेलने की उम्र में बच्चे सड़क निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठने को मजबूर हैं। जमशेदपुर के मानगो स्थित आजादनगर रोड नंबर-5 की बदहाली ने बच्चों को भी विरोध का रास्ता अपनाने पर मजबूर कर दिया है। सड़क की जर्जर स्थिति से परेशान स्थानीय लोगों के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी धरने पर बैठे और मानगो नगर निगम के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। उनकी मांग है कि इलाके की सड़क का जल्द निर्माण कराया जाये, ताकि लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके।
बदहाल सड़क से बच्चों की आवाजाही भी प्रभावित
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आजादनगर रोड नंबर-5 की खराब हालत के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क की बदहाली का असर बच्चों की आवाजाही पर भी पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि समस्या पुरानी है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लगातार परेशानी के बीच अब बच्चे भी अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठ गये हैं। उनका यह विरोध जिम्मेदार अधिकारियों तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि बच्चों के इस विरोध के बाद मानगो नगर निगम और संबंधित अधिकारी मामले को गंभीरता से लेंगे।




