Dumka : संताल परगना की उपराजधानी दुमका में मंगलवार से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बस कर्मियों ने अचानक हड़ताल का ऐलान कर दिया है, जिसके चलते जिले से कोई भी बस नहीं खुलेगी। यह फैसला संताल परगना मोटर मजदूर संघ ने लिया है। संघ का कहना है कि जब तक उनके अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह पर हुये जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक बसों का चक्का जाम रहेगा। खबर है कि इसी साल 24 फरवरी की सुबह करीब 6.10 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने DIG कार्यालय के सामने अरुण कुमार सिंह पर गोली चला दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें तुरंत फूलों झानों मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर किया गया। संघ के सदस्यों का कहना है कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे बस कर्मियों में भारी आक्रोश है। वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।













