Kohramlive : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके नोनथाबुरी स्थित देबसिरिन स्कूल में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली गोलीबारी हुई। एक छात्र ने स्कूल परिसर में अंधाधुंध फायरिंग कर तहलका मचा दिया। इस हमले में 3 शिक्षकों और 3 छात्रों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुये हैं। इनमें दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे हुई। गोलियों की आवाज सुनते ही स्कूल में भगदड़ मच गई। छात्र और शिक्षक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कई कक्षाओं में छिप गये।
पुलिस के मुताबिक, हमलावर छात्र ने बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। उसकी हालत गंभीर है। शुरुआती जांच में आशंका है कि उसने हथियार परिवार के किसी सदस्य से लिया था। हमले की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो वायरल होने लगे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से लाइव प्रसारण और वीडियो साझा नहीं करने की अपील की। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटना पर गहरा शोक जताया है और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिये हैं।
यहां याद दिला दें कि यह इस साल थाईलैंड के स्कूल में हुई दूसरी बड़ी गोलीबारी है। फरवरी में भी एक स्कूल में फायरिंग में एक शिक्षक की मौत हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने देश में बंदूक कानूनों और स्कूल सुरक्षा पर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।















