Garhwa (Nityanand dubey) : गढ़वा की राजनीति एक बार फिर गरमाने लगी है। शनिवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजयुमो जिलाध्यक्ष रामशीष तिवारी ने झामुमो पर करारा प्रहार किया और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर को आड़े हाथों लिया। रामशीष तिवारी ने कहा, “चुनाव हारने के बाद से झामुमो नेताओं की नींद उड़ गई है। अब वे भाजपा विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी को बदनाम करने के लिये झूठ और षड्यंत्र का सहारा ले रहे हैं।” उन्होंने कहा कि जनता को झूठे विकास के पुलिंदे दिखाकर भ्रमित करने का प्रयास हो रहा है, लेकिन सच्चाई यही है कि गढ़वा की जनता ने झामुमो को सत्ता से बेदखल कर दिया। रामशीष ने अपने वक्तव्य में भाजपा विधायक के पिछले कार्यकाल में किये गये दर्जनों विकास कार्यों को गिनाया।
रामशीष तिवारी ने झामुमो पर तंज कसते हुये कहा कि आज जो लोग झामुमो में शामिल हैं, वे पहले कई पार्टियों का ‘परिक्रमा’ कर चुके हैं। उन्होंने कहा, ऐसे लोग न संगठन के प्रति वफादार हैं, न जनता के। ये सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने आये हैं। प्रेस वार्ता में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा एवं विधायक प्रतिनिधि अरविंद पटवा, टिंकू गुप्ता, नवीन जायसवाल, उमेश कश्यप, परीक्षित तिवारी, नंदलाल महतो, पियूष चौबे सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।








