1. राज्य में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुगम बनाने की दिशा में सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। रोड, रेल, वाटर और एयर कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं और सहूलियत उपलब्ध हो सके। राज्य के सभी जिलों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। राज्य में सड़कों, पुलों और ओवरब्रिजों का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। नई सड़कों के निर्माण के साथ सड़कों का मजबूतीकरण और चौड़ीकरण हो रहा है। CM हेमंत सोरेन ने मंगलवार को यह बातें जमशेदपुर में सोनारी हवाई अड्डा से जमशेदपुर-कोलकाता विमान सेवा के शुभारंभ के मौके पर कही। साथ ही उन्होंने जमशेदपुर वासियों को जुगसलाई ओवरब्रिज की भी सौगात दी।
2. संसद के बजट सत्र का मंगलवार को प्रारंभ हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहली बार संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। उन्होंने आतंकवाद, इंफ्रास्ट्रक्चर, मेड इन इंडिया, ग्रीन ग्रोथ जैसे मुद्दों पर बात की। कहा कि यह सरकार बिना डरे काम कर रही है। राष्ट्रपति ने सर्जिकल स्ट्राइक, आतंकवाद पर सख्ती और आर्टिकल 370 हटाने जैसे अहम फैसलों का जिक्र किया।
3. मंगलवार को पूर्व कानून मंत्री और सीनियर एडवोकेट शांति भूषण का निधन हो गया। वो पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। शांति भूषण कई सामाजिक और राजनीतिक आंदोलन से भी जुड़े रहे थे। साल 1977 से 1979 तक मोरारजी देसाई के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान उन्हें देश का कानून मंत्री बनाया गया था। Emergency के दौरान उन्होंने आंदोलन में हिस्सा लिया था। बाद के दौर में भी उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ कई आंदोलनों में शिरकत की। शांति भूषण को संविधान विशेषज्ञ के तौर पर भी जाना जाता था।
4. चाईबासा के गुवा सेल की किरीबुरु-मेघाहातुबुरु जेनरल अस्पताल के मुर्दा घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें बाप अमीर हुसैन उर्फ काना और मासूम बेटी बिजली की जलकर मौत हो गई। गरीबी के कारण दोनों मुर्दा घर में रहते थे। जहां वे रहते थे, उससे कुछ मीटर की दूरी पर ही सेल का 440 वोल्ट का विद्युत केबल लाइन गुजरा था। मृतक काना ने उसी 440 केबल लाइन से अवैध तरीके से तार हुकिंग कर अपने घर में कनेक्शन लिया था। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद बाप-बेटी घर से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन घर के अंदर धुआं भरने व अंधेरा होने की वजह से अंदर से बंद ताले को नहीं खोल पाए और दम घुटने व जलने से दोनों की मौत हो गई।
5. जमीन म्यूटेशन करने के नाम पर 12 हजार रुपये घूस मांगने वाले राजस्व कर्मचारी धीरेंद्र दीक्षित को ACB की पलामू टीम ने दबोच लिया। दीक्षित पलामू के लेस्लीगंज के पूर्णाडीह पंचायत में तैनात था। उसे 10 हजार रुपये के साथ रंगे हाथ धरा गया। बताया गया कि लेस्लीगंज अंचल के रामाशंकर सिंह ने जमीन म्यूटेशन की खातिर अंचल में आवेदन दिया था। इल्जाम है कि उनसे धीरेंद्र दीक्षित ने 12 हजार रुपये घूस मांगे थे। इस बात की शिकायत ACB पलामू टीम से कर दी गई। पूरे मामले की जांच की गई। जांच में इल्जाम सही पाये गये। इसके बाद पहले से तय योजना के मुताबिक आज ACB की टीम ने राजस्व कर्मचारी धीरेंद्र दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया। धीरेंद्र के घर की भी तलाशी ली गई, पर वहां कुछ नहीं मिला।
6. पुलिस पर गोलियां चलाने में माहिर और बेखटके जहां-तहां फायरिंग कर खौफ पैदा करने वाले PLFI के तीन हार्ड कोर उग्रवादियों को चाईबासा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक AK 47 और 33 जिंदा गोलियां मिली है। पकड़े गये उग्रवादियों के नाम लौकी सांडी पूर्ति, बिरसा डहांगा और सुखराम सांडी पूर्ति बताये गये। गिरफ्तार उग्रवादियों ने पुलिस के सामने कई राज उगले हैं। मिले क्लू पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। उम्मीद जताई गई है कि बहुत जल्द कुछ बेहतर नतीजे सामने आ सकते हैं।
7. ओड़िशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास को गोली मारने वाले ASI गोपाल दास ने अपना गुनाह कबूल लिया है। उसने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि हत्या करने के इरादे से ही उसने गोलियां चलाई थी। उसने हत्या क्यों की, इसका खुलासा अभी पुलिस नहीं कर पाई है। ब्रजराजनगर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने मीडिया को बताया कि ASI गोपाल दास को स्वास्थ्य मंत्री के कार्यक्रम के लिए ट्रैफिक क्लीयरेंस ड्यूटी पर तैनात किया गया था। जैसे ही मंत्री गांधी चौक पर पहुंचे, ASI ने मंत्री पर निशाना साधते हुए अपनी सर्विस पिस्टल से गोली चला दी थी। मंत्री पर पांच गोलियां चलाई गई थी। गोपाल दास ने मंत्री को क्यों मारा, इस बारे में उसने कुछ नहीं बोला है। लंबे अर्से से ASI का इलाज कर रहे मनोचिकित्सकों ने कहा कि वह मानसिक विकार ‘बाइपोलर डिसऑर्डर’ से पीड़ित है। इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच के ADG अरुण बोथरा कर रहे हैं।
8. गांधीनगर की सेशन कोर्ट ने कल ही आसाराम बापू को रेप केस में दोषी करार दिया था। आज कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया है। आसाराम पर उसकी एक शिष्या ने रेप केस दर्ज करवाया था। जिस संबंध में कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुना दी है। इस मामले में आसाराम को कल कोर्ट में वर्चुअली पेश किया गया था। यहां याद दिला दें कि साल 2013 में आसाराम पर रेप का इल्जाम लगाया गया था। यह इल्जाम सूरत की एक लड़की ने लगाया था। वहीं, उसकी छोटी बहन ने आसाराम के बेटे नारायण पर रेप का आरोप लगाया था। इस मामले में आसाराम के अलावा उसकी पत्नी, बेटी और चार महिला अनुयायियों पर भी इल्जाम लगाया गया था। लेकिन सबूत के अभाव में इन सबको बरी कर दिया गया।
9. सीएम जगन मोहन रेड्डी ने आज आंध्र प्रदेश की राजधानी बदलने की बड़ी घोषणा की है। रेड्डी कहा कि राज्य की राजधानी को विशाखापत्तनम स्थानांतरित किया जाएगा। मार्च में विशाखापत्तनम में होने वाले ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ की तैयारी संबंधी बैठक को संबोधित करते हुए रेड्डी ने कहा कि वह आने वाले महीनों में बंदरगाह शहर में अपना कार्यालय स्थानांतरित करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां मैं आपको विशाखापत्तनम में आमंत्रित कर रहा हूं, जो आने वाले दिनों में हमारी राजधानी बनने जा रहा है। मैं खुद भी आने वाले महीनों में विशाखापत्तनम से कामकाज करूंगा। आंध्र प्रदेश की राजधानी अभी अमरावती है।
10. वंश और गौरव स्कूटी पर दोपहर 12 बजे परीक्षितगढ़ जा रहे थे। पड़ोसी के घर कुआं पूजन का कार्यक्रम था। परीक्षितगढ़ स्थित एक फार्म हाउस के पास भाजपा नेता ने अपनी थार गाड़ी से दोनों दोस्तों को टक्कर मार दी और उनकी सांसें उखड़ गईं। हादसे के बाद मृतकों के परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों के शवों को सड़क पर रखकर हंगामा करने का प्रयास किया। वंश परिवार का इकलौता बेटा था। ग्रामीणों का दावा है कि थार बिजनौर के रहने वाले एक भाजपा नेता चला रहे थे। उक्त भाजपा नेता ने लोकसभा में टिकट भी मांगा था। गाड़ी में भाजपा का जिला पंचायत सदस्य, पूर्व सभासद व भाजपा नेता सवार थे। वह गांव खजूरी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। ग्रामीणों ने दोनों दोस्तों की मौत की जानकारी किसान नेता मांगेराम त्यागी को दी। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि हादसे में दो दोस्तों की मौत हुई है। गाड़ी ड्राइवर का पता लगाया जा रहा है। हादसा मेरठ के किला परीक्षितगढ़ में हुआ।
11. जूही पहले ही अपने पति को खो चुकी है। उनकी दी हुई कुछ निशानी और चीजे ही उसके जीने खाने का सहारा थी। लेकिन लगता है वह भी उसकी किस्मत में नहीं। उसके साथ हुई दास्तां कुछ ऐसा ही बयान कर रही है। बीते 27 जनवरी को उसके घर में चोरों का कहर बरपा। उसके घर से लगभग 6 लाख की चोरी हुई है। उसका घर गढ़वा थाना क्षेत्र के सहीजना मोहल्ले में है। लाचार और बेबस जूही ने अब गढ़वा के थानेदार से मदद की गुहार लगाई है।जूही ने पुलिस को बताया कि बीते 27 जनवरी को वह अपने एक रिश्तेदार के यहां पलामू में समारोह में गई थी। अपने घर सहीजना वापस 30 जनवरी को लौटी। घर का दरवाजा जैसे ही खोला उसके होश उड़ गये। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर की छत का दरवाजा टूटा हुआ था। सारे कीमती जेवर और नकद गायब थे। जूही के दिवंगत पति का नाम पंकज कुमार सिंह है। जुही कुवर ने गढ़वा थाने में लिखित आवेदन दिया है।
इसे भी पढ़ें : सीएम का बड़ा ऐलान, अब ‘विशाखापत्तनम’ होगी आंध्र प्रदेश की नई राजधानी
इसे भी पढ़ें : BJP नेता ने थार से दो दोस्तों को कुचला, बुझ गया घर का इकलौता चिराग
इसे भी पढ़ें : Garhwa News : पति की आखिरी निशानी भी ले गया चोर… देखें
इसे भी पढ़ें : नाम और पहचान तक बदल डाला था पंचायत भवन उड़ाने वाला खूंखार हाबिल… देखें