नाबालिग छात्रा कुवांरी मां बन गयी
गुमला के एक आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा कुवांरी मां बन गयी। पेट दर्द की शिकायत के बाद उसे स्थानीय सदर अस्पताल में ले जाया गया जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। सबसे हैरत और हैरानी की बात यह रही कि छात्रा 9 महीने तक गर्भवती रही इसकी भनक तक किसी को नहीं लगी। वह हमेशा स्वेटर और शॉल ओढ़कर रहती थी। पीड़िता के बयान पर संबंधित थाने में केस दर्ज किया गया है। इल्जाम है कि पीड़िता के साथ यह महापाप उसके एक सगे रिश्तेदार ने ही किया है। मां के साये से वंचित इस पीड़िता का बयान एक महिला पुलिस अधिकारी ने लिया। पीड़िता के पिता बहुत गरीब है। पुलिस और स्कूल प्रबंधन पूरे मामले की गहराई से तहकीकात कर रही है।

दबंग युवक राजू साहू को गोली मार दी गयी
राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में एक दबंग युवक राजू साहू को गोली मार दी गयी। गोली उसके सीने के आसपास लगी है। लहूलुहान राजू को रांची के मेडिका हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस उसका बयान नहीं ले पाई है। कांके पुलिस का कहना है कि गोली मारने के बाद भाग निकले हमलावरों का एक बैग घटनास्थल पर मिला है। बैग में टूटी-फूटी हालत में 2 मोबाइल और एक देसी पिस्तौल मिली है। पिस्तौल भी कारगर नहीं है। राजू साहू को गोली किसने और क्यों मारी इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। सूत्रों के अनुसार कांके के होचर बस्ती में इस घटना को अंजाम दिया गया है। राजू के बारे में पुलिस ने बताया कि वह जमीन खरीद-बिक्री का काम करता है। उसका पुराना रिकॉर्ड भी बहुत बढ़िया नहीं है। कांके रिंग रोड में एक जमीन पर दावेदारी को लेकर भी कुछ लोगों के साथ उसका टसल चल रहा था। 2 साल पहले भी राजू साहू के खिलाफ एक केस दर्ज हुआ था। पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है।

PLFI के तीन उग्रवादियों को खूंटी से अरेस्ट किया गया
हजारीबाग की चौपारण पुलिस ने PLFI के तीन उग्रवादियों को खूंटी से अरेस्ट किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों में बिजु मुंडा, बिजू की बीवी छोटी टोपनो और प्रभुदान कंडुलना शामिल है। सभी खूंटी के कर्रा थाना इलाके के रहने वाले हैं। कारोबारियों के मोबाइल में धमकी भरा पोस्टर और ऑडियो क्लिप भेज उन्हें डरा-हड़का कर रंगदारी वसूलना इनकी फितरत। PLFI के झारखंड हेड राजेश गोप के इशारे पर तीनों काम करते हैं। पुलिस को दिये अपने बयान में उग्रवादियों ने कई खुलासे किये। बीते साल के 29 दिसंबर को चौपारण बाजार में बंद दुकान में पोस्टर चिपका कर फायरिंग की गई थी। 16 जनवरी को चौपारण के ही पांच कारोबारियों के मोबाइल पर धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। दोनों मामले में पुलिस अबतक 6 अपराधियों को दबोच चुकी है।

सिविल सर्जन आज प्राइवेट अस्पतालों के संचालकों के साथ बैठक की
राजधानी रांची में चल रहे नर्सिंग होम और प्राइवेट अस्पतालों को उपलब्ध बीमारियों में होने वाले खर्च का संभावित रेट चार्ट डिस्प्ले करना होगा। वहीं क्लिनिकल स्टैब्लिशमेंट एक्ट के नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। यह आदेश आज रांची के सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने दिया। सिविल सर्जन आज प्राइवेट अस्पतालों के संचालकों के साथ बैठक कर रहे थे। इस बैठक मेन करीब 19 संचालक शामिल हुए। बैठक में आयुष्मान भारत, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा नर्सिंग होम, प्राइवेट हॉस्पिटल में आयुष्मान भारत योजना के तहत कौन-कौन सी बीमारियों का इलाज उपलब्ध है, इसका पूरी डिटेल जानकारी डिस्प्ले बोर्ड पर होनी चाहिए। अगर कोई मरीज आयुष्मान कार्ड लेकर नहीं आता है तो उसे सीधे लौटाने की जगह व्हाट्सएप या अन्य तकनीक से शॉफ्ट कॉपी देखकर भी इलाज शुरू करने को कहा गया।

राजधानी रांची के इटकी में अज्ञात अपराधियों ने खुलकर गुंडई
राजधानी रांची के इटकी में अज्ञात अपराधियों ने खुलकर गुंडई की। इटकी के गड़गांव पुल के पास सड़क चौड़ीकरण के निर्माण कार्य में लगे कई गाड़ियों में पेट्रोल छिड़क माचिस मार दी। एक रोड रोलर जलकर राख को गया। बाकी गाड़ियों को हल्का-फुल्का नुकसान हुआ। मौके पर मौजूद गार्ड को मारा पीटा गया। उसका मोबाइल छीन लिया गया। गार्ड ने पुलिस को बताया कि कल देर रात दो अनजान लोग उसके पास आए और बिना कुछ कहे सुने उसे हथियार भिड़ा दिया। दोनों अपने साथ पेट्रोल लेकर आए थे। वहां खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस अपराधियों को खोजने में जुटी है।

पति से रूठकर मायके चली गयी पत्नी
पति से रूठकर मायके चली गयी पत्नी को लाने गए झारखंड के एक युवक के साथ अमानवीय बर्ताव करने का इल्जाम लगा है। यह इल्जाम युवक ने अपने ससुराल वालों पर लगाया है। झारखंड के साहिबगंज के रामपुर गांव का रहने वाला पवन कुमार अपनी रूठी पत्नी को मनाने और लाने ससुराल गया था। उसका ससुराल मुजफ्फरपुर में है। पवन का आरोप है कि उसे ससुराल में बेतरह मारा-पीटा गया। वह बेहोश हो गया था। जब उसे होश आया, उसके पेट में खूब दर्द हो रहा था। अस्पताल में एक्स-रे रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि उसके पेट के अंदर एक ग्लास है। मामला थाना तक चला गया। पवन को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।पवन हैदराबाद के एक पेट्रोल पंप में काम करता है। किसी बात को लेकर दोनों पति-पत्नी में खटपट हो गयी थी। जिसके बाद रूठी पत्नी को वह मनाने गया था।

BPSC प्रश्नपत्र लीक मामले में वांटेड सरोज कुमार के घर को कुर्क किया गया
BPSC प्रश्नपत्र लीक मामले में वांटेड सरोज कुमार के घर को कुर्क कर लिया गया। उसका घर मधुबनी के साहरघाट थाना क्षेत्र के पिहवाड़ा गांव में है। पटना के EOU यानी आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने वहां के स्थानीय पुलिस की मदद से यह कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व डीएसपी संजय कुमार वर्मा कर रहे थे। इसस पहले फरार सरोज कुमार को सरेंडर करने के लिए कई बार नोटिस भेजा गया। उसके घर मेन इश्तेहार भी चिपकाए गया, पर उसने सरेंडर नहीं किया।

गंगा विलास क्रूज साहिबगंज पहुंचा
विदेशी मेहमानों को लेकर गंगा विलास क्रूज साहिबगंज के मल्टी मॉडल टर्मिनल पहुंचा। दुनिया के सबसे लंबे इस रिवर क्रूज पर सवार लोगों का जोरदार स्वागत किया गया। मौके पर खुद साहिबगंज के डीसी राम निवास यादव, राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत ओझा, एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा समेत जिला के कई पदाधिकारी मौजूद थे। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ किया गया। उन्हें बुके भी दिए गए। टर्मिनल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। 23 जनवरी को आने वाला यह क्रूज 2 दिन पहले ही यानि शुक्रवार को साहिबगंज पहुंच गया। सैलानियों को शनिवार को मल्टीमॉडल टर्मिनल घुमाया-फिराया गया।

एक के बाद एक IED ब्लास्ट
एक के बाद एक IED ब्लास्ट से पूरा इलाका दहल उठा। 15 मिनट के अंदर हुए सीरियल ब्लास्ट में 7 लोग घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को पास के अस्पताल में ले जाया गया। जोन के ADG ने 6 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। दिल दहला देने वाले यह ब्लास्ट जम्मू-कश्मीर के नरवाल में शनिवार को हुआ। उपराज्यपाल ने कहा, “इस तरह के नृशंस काम जिम्मेदार लोगों की हताशा और कायरता को उजागर करते हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।” उन्होंने घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया।

श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलटी
मौनी अमावस्या के अवसर पर नेपाल के त्रिवेणी धाम से स्नान कर वापस भारत अपने घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस शनिवार की सुबह नेपाल के महेशपुर में पलट गई। इस हादसे में करीब 49 लोग जख्मी हुए है। जिसमें 9 बच्चे शामिल हैं। घायलों को नेपाल के पृथ्वीचंद जिला अस्पताल नवलपरासी में भर्ती कराया गया है। आज दिन के 11 बजे के करीब महेशपुर में एक पुलिया के पास अचानक बस ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया। बस पुलिया से टकराते हुए पलट गयी। बस में बैठे लोगों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को करारी हार दी
भारत और न्यूजीलैंड के दूसरे दिन के मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को करारी हार दी है। टीम इंडिया ने कीवी टीम को 8 विकेट से हराया है। इसके साथ ही टीम इंडिया सीरीज पर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने घर में लगातार 7वीं वनडे सीरीज अपने नाम किया। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 108 रन बनाए थे। टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था। टीम इंडिया के कप्तान रोहित और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत की। रोहित अर्धशतक लगाने के बाद आउट हो गए। उनके बाद क्रीज पर आए विराट भी 11 रन बनाकर आउट हो गए। गिल एक छोर पर खड़े रहे और ईशान किशन के साथ मिलकर मैच खत्म किया। इस सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 24 जून को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें तीन मैच की टी20 सीरीज खेलेंगी।

इसे भी पढ़ें : प्रेगनेंसी की नहीं लगी भनक, कुवांरी मां बनी नाबालिग
इसे भी पढ़ें :Ricky Ponting: ‘मैं चाहूंगा कि वह डगआउट में मेरे पास बैठे रहें’
इसे भी पढ़ें :टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से दी शिकस्त
इसे भी पढ़ें :1337 सालों बाद बेहद करीब होगा चांद, पर दिखेगा नहीं… जानिए क्यों
इसे भी पढ़ें :कनॉट प्लेस होटल में अचानक चीखने- चिल्लाने लगे लोग…देखें
इसे भी पढ़ें :12 हजार लोगों की जायेगी नौकरी








