PM मोदी ने झारखंड के 219 युवाओं को आज नौकरी दी
1. PM मोदी ने झारखंड के 219 युवाओं को आज नौकरी दी। रांची के दरभंगा हाउस में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नियुक्ति पत्र दिया गया। नियुक्ति पत्र देते हुए PM मोदी ने कहा कि पारदर्शिता के साथ इस साल लाखों नियुक्ति होगी। 2023 का यह पहला रोजगार मेला है। PM मोदी ने कहा कि पारदर्शी तरीके से भर्ती और पदोन्नति युवाओं में भरोसा जगाती है। ये पारदर्शिता बेहतर तरीके से उन्हें प्रतियोगिता में उतरने के लिए प्रेरित करती है। केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने झारखंड के 219 विद्यार्थियों में से 25 को सांकेतिक रुप से नियुक्ति पत्र दिया। वहीं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुये कहा कि कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रति वर्ष रोजगार मेला लगाकर दस लाख लोगों को नौकरी देने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत आज देशभर में करीब 71,400 युवाओं को नियुक्ति पत्र दी गई है।

झारखंड के सभी पुलिस कैंप परिसरों का कायाकल्प होगा
2. झारखंड के सभी पुलिस कैंप परिसरों का कायाकल्प होगा। पुलिस कर्मियों के हर जरूरत को पूरा करने का प्रयास होगा। आज से जैप-1 परिसर पुलिस बल के लिए आईकॉनिक कैंपस के रूप में जाना जाएगा। उक्त बातें शुक्रवार को सीएम हेमंत सोरेन ने कही। सीएम JAP-1 परिसर में नवनिर्मित ऑडिटोरियम, गैलरी, फूड कोर्ट एवं अन्य भवनों के उद्घाटन तथा परेड समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। सीएम ने कहा कि सभी पुलिस कैंप परिसरों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। पानी, शौचालय, ठहरने के लिए कमरों की सुविधा सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं से इन परिसरों को जोड़ा जाएगा ताकि हमारे पुलिस बल के जवानों को ड्यूटी के दौरान कोई परेशानी न हो।

पुलिस के दो जवान आपस में ही भिड़ गये
3. किसी बात को लेकर पुलिस के दो जवान आपस में ही भिड़ गये। बात इतनी बिगड़ गई कि एक जवान ने दूसरे पर गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को लगी नहीं। पुलिस लाइन में फायरिंग होने के चलते पूरे परिसर में तहलका मच गया। यह वारदात पलामू के पुलिस लाइन में हुई। घटना के बाद दोनों जवान शशिरंजन और वीरेंद्र को सस्पेंड कर दिया गया। बताया गया कि शशिरंजन ने सरकारी इंसास राइफल वीरेंद्र की ओर तान दिया। वीरेंद्र अलर्ट मोड में आ गया। उसने रायफल की नाल को ऊपर की तरफ कर दिया, जिससे गोली एक पेड़ में जाकर लगी। दोनों जवानों को थाना में लाकर पूछताछ की जा रही है। एक नशे में है।

चर्च कॉम्पलेक्स के एक दुकान मारुति हाउस में आग लग गई
4. राजधानी रांची के मशहूर जीईएल चर्च कॉम्पलेक्स के एक दुकान मारुति हाउस में आग लग गई। एक हफ्ते में यह दूसरी अगलगी की घटना हुई। आग लगने की फैली खबर के बाद पूरे कॉम्प्लेक्स में तहलका मच गया। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। हद तब हो गई जब मौके पर पहुंचे दमकल को भी ठीक करने में कुछ समय लग गया। अगल-बगल के दुकानदारों में खौफ हो गया था कि कहीं आग की लपटें उन्हें भी बर्बाद न कर दे। आग ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया था। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। कुछ देर के लिए कॉम्प्लेक्स के आस पास सड़क पर जाम लग गया। भीड़ काफी जुट गई थी।

चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के एक जंगल में फिर से एक IED ब्लास्ट
5. चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के एक जंगल में फिर से एक IED ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट में कोबरा बटालियन का एक जवान लहूलुहान हो गया। उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया। चाईबासा में नक्सली और उग्रवादियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा। पुलिस का दावा है कि चाईबासा के जंगलों में एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा और कई हार्डकोर उग्रवादियों ने पनाह ले रखा है। वहीं नक्सलियों की तरफ से पर्चा बांट कहा गया है कि कदम-कदम पर बम बिछाकर रखे गए हैं। कुछ खास लोगों से कहा कि शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक घरों से निकलने से मना किया गया है। ऐसा फरमान जारी कर नक्सली कोल्हन में अपनी ताकत का एहसास कराना चाहते हैं।

एनोस एक्का और उनकी पत्नी मेनन एक्का को बड़ा झटका
6. जेल में बंद सजायाफ्ता पूर्व मंत्री एनोस एक्का और उनकी पत्नी मेनन एक्का को बड़ा झटका लगा है। HC ने निचली अदालत द्वारा सुनाई गई सजा को बरकरार रखा है। यह दंपति आय से अधिक संपत्ति मामले में सजा काट रहे हैं। वहीं हाई कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ED कोर्ट द्वारा एनोस एक्का को सुनाई गई सजा को भी कायम रखने का आदेश दिया है। यहां याद दिला दें कि 25 फरवरी 2020 को CBI के विशेष जज एके मिश्रा की अदालत ने आय से अधिक संपत्ति मामले में एनोस एक्का और उनकी पत्नी मेनन एक्का को 7 साल की सजा सुनाई थी। वहीं 2 करोड़ रुपए का जुर्माना भी ठोका था। पूर्व मंत्री एनोस पर 20 करोड़ 31 लाख 77 हजार रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप था। झारखंड HC के जस्टिस गौतम कुमार चौधरी की कोर्ट ने एक्का दंपती की याचिका को खारिज कर दिया।

दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे मुसाफिर सोनू शर्मा को हार्ट अटैक
7. दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे मुसाफिर सोनू शर्मा को हार्ट अटैक आ गया। धनबाद रेलवे स्टेशन में डॉक्टरों की विशेष टीम को स्ट्रेचर के साथ बुलाया गया। ट्रेन जैसे ही रुकी, इलाज शुरू किया गया। ऐन वक्त पर इलाज हो जाने के कारण सोनू शर्मा की जान बच गई। उन्हें बेहतर ट्रीटमेंट कराने की सलाह दी गई है। सोनू ने बताया कि उनका इलाज सियालदह से चल रहा है। सोनू ट्रेन के बोगी नंबर B4, बर्थ नंबर 5 पर सफर कर रहे थे। अचानक उनके कंधे में दर्द शुरू हुआ और उनकी हालत बिगड़ी गई तब अन्य कुछ मुसाफिरों और टीटी की खबर पर समय पर डॉक्टरों की टीम हाजिर हो गई।

48 घंटों के अंदर मध्यप्रदेश से एक्सपर्ट की टीम झारखंड पहुंच जायेगी
8. आदमखोर तेंदुए के आतंक से मुक्ति पाने के लिहाज से गढ़वा वन विभाग की टीम ने संजय टाइगर रिजर्व से मदद मांगी है। मध्य प्रदेश के संजय टाइगर रिजर्व ने कुछ दिन पहले ही 3 तेंदुए को रेस्क्यू किया है। सभी तेंदुओं को केज के सहारे से रेस्क्यू किया गया। इसी को ध्यान में रख कर संजय टाइगर रिजर्व से एक्सपर्ट की टीम को बुलाया है। पलामू टाइगर रिजर्व के निदेशक कुमार आशुतोष ने मीडिया को बताया कि 48 घंटों के अंदर मध्यप्रदेश से एक्सपर्ट की टीम झारखंड पहुंच जायेगी। उम्मीद है कि कुछ बेहतर नतीजे सामने आएंगे। मानव जीवन के लिए खतरनाक बन चुके आदमखोर तेंदुए को मार गिराने की अनुमति दे दी गई है। हैदराबाद से आए मशहूर शूटर नवाब शफत अली खान की टीम गढ़वा में तेंदुए की खोज में जुटी है।

12 हजार स्टाफ की नौकरी जल्द जाने वाली है
9. दुनिया की जानी-मानी टेक कंपनी गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट के 12 हजार स्टाफ की नौकरी जल्द जाने वाली है। कंपनी उन्हें नौकरी से निकालने की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी के CEO सुंदर पिचाई ने इस बारे में कर्मचारियों को जानकारी दे दी है। अल्फाबेट ने 20 जनवरी को घोषणा करते हुए बताया कि वह लगभग 12,000 नौकरियों को घटाने जा रही है, जो उसके वैश्विक कार्यबल का 6 फीसदी है। दो दिन पहले ही अल्फाबेट की प्रतिस्पर्धी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट 10,000 कर्मचारियों को निकालने की बात कह चुकी है। इसके अलावा मेटा और ट्विटर भी हाल के महीनों में अपने कार्यबल में कटौती कर चुके हैं। ऐसा समझा जा रहा है कि इस छंटनी में कंपनी के एचआर विभाग, कॉरपोरेट कार्य, इंजीनियरिंग और उत्पाद विभाग की टीमें प्रभावित होंगी। गूगल ने कहा है कि छंटनी वैश्विक स्तर पर की जा रही है। अमेरिकी कर्मचारियों को यह फैसला तुरंत प्रभावित करेगा। अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई ने नोट में कहा, “मैं अपने मिशन की ताकत, हमारे उत्पादों और सेवाओं की महत्ता और एआई क्षेत्र में हमारे शुरुआती निवेश के लिए हमारे सामने मौजूद विशाल अवसरों के बारे में आश्वस्त हूं।” सुंदर पिचाई ने कहा कि कंपनी नोटिस अवधि यानी 60 दिन का पूरा भुगतान कर्मचारियों को करेगी।

दवा दुकान पर गोलीयों की बौछार
10. जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से आम नागरिकों को टारगेट कर फायरिंग की गई। आतंकियों ने एक दवा दुकान पर गोलीयों की बौछार कर दी। इस गोली बारी में दुकान के मालिक की जान बच गई। किस्मत से उन्हें गोली नहीं लगी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे सुरक्षाबल आतंकियों की खोज में लग गए है।

टीम इंडिया को बड़ा झटका
11. टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी रायपुर पहुंच चुके हैं। 3 मैचों की सीरीज का दूसरा वनडे यहां कल यानि शनिवार को खेला जायेगा। लेकिन दूसरा मुकाबला शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया ने हैदराबाद में पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ धीमी ओवर फेंकी थी। जिस कारण बड़ा जुर्माना लगाया गया है। बता दें कि टीम इंडिया पर मैच फीस का 60 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। मैच रैफरियों के एमिरेट्स ICC एलीट पैनल के जवागल श्रीनाथ ने यह जुर्माना लगाया है। टीम इंडिया को शुरुआती वनडे में निर्धारित समय में फेंके जाने वाले ओवरों में तीन ओवर पीछे पाया गया है।

इसे भी पढ़ें : खू*नी जंग में झरिया दहला, रोया परिवार… देखें
इसे भी पढ़ें : किसी भी हालत में नहीं हो अवैध खनन : CM
इसे भी पढ़ें : जमीन के चक्कर में सलटा डाला भाई को, सुनें क्या बोले SP…
इसे भी पढ़ें : लब पर कीर्ति के नाम का जिक्र करने वाला अब दुनिया में नहीं रहा… देखें










