PM नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक
1. कर्नाटक में PM नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। PM कर्नाटक के हुबली में रोड शो कर रहे थे। सड़क के दोनों किनारों पर खड़े उत्साही लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वे चलती कार के रनिंग बोर्ड पर खड़े होकर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन कर रहे थे। रोड किनारे खड़े उनके प्रशंसक मोदी-मोदी और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगा रहे थे। तभी भीड़ में से ही एक युवक माला लेकर PM मोदी के बेहद करीब चला गया। सुरक्षाकर्मियों ने युवक को अपनी पकड़ में लेकर उसे PM मोदी से दूर किया। हालांकि PM नरेंद्र मोदी ने उस युवक के हाथों से माला ले ली। इस पल का दृश्य वायरल हो गया। इसे PM की सुरक्षा में बड़ी चूक और सेंध माना गया। लोगों ने मोदी के रास्ते में फूल बिछा रखे थे। PM मोदी यहां स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर रेलवे खेल मैदान में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करने आए थे।

फौजी परना उरांव को मौत के घाट उतार दिया गया
2. छुट्टी में अपने घर आए फौजी परना उरांव को मौत के घाट उतार दिया गया। वहीं बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी बुद्धेश्वरी देवी को लहूलुहान कर दिया गया। इन दोनों पति-पत्नी पर तेज धार हथियार से कई वार किए गए। बीती देर रात इस भयानक कांड को अंजाम दिया गया। दिल को दहला देने वाली यह वारदात गुमला के सदर थाना क्षेत्र के खोरा जामटोली में हुई। बेतरह जख्मी पत्नी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले भी बीते साल 15 जून को अज्ञात अपराधियों ने फौजी पर हमला किया था। तब यह मामला थाना भी पहुंचा था पर बात आई-गई हो गयी थी।

7 मजदूरों की दर्दनाक मौत
3. रोजी-रोटी की खोज में चाईबासा से जमशेदपुर जा रहा पिकअप वैन हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में 7 लोगों की जानें चली गई। वहीं 8 की हालत चिंताजनक बनी हुई है। यह सभी लोग जमशेदपुर के गोविन्दपुर में ढलाई का काम करने जा रहे थे। वैन में कुल 20 लोग सवार थे। घने कोहरे के कारण रास्ते में ही वैन के ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और यह बड़ा हादसा हो गया। यह हादसा चाईबासा के राजनगर थाना क्षेत्र के लाकड़ा कोचा मोड़ के पास हुआ। CM हेमंत सोरेन ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है।

झारखंड एकेडमिक काउंसिल परीक्षार्थियों को दे रहा मौका
4. मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट को पहली दफा विषय में बदलाव करने का मौका दिया जा रहा है। मैट्रिक के छात्रों को 23 जनवरी और इंटर के विद्यार्थियों को 24 जनवरी तक का मौका दिया गया है। एडमिट कार्ड जारी हो जाने के बाद स्टूडेंट अपने विषय में बदलाव नहीं कर सकते है। इससे पहले ही झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने पहली बार विषय में बदलाव करने का मौका दिया है। आज और कल से मैट्रिक और इंटर के स्टूडेंट विषय में बदलाव कर सकते है। JAC की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर लॉगिन कर विषय में बदलाव कर सकते है।

उग्रवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़
5. राजधानी रांची के बुढ़मू में आज उग्रवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। पुलिस को भारी पड़ता देख सारे उग्रवादी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। आशंका है कि 3 उग्रवादियों को गोलियां लगी है। जंगल में खून के मिले छींटों को देख यह दावा किया जा रहा है। मुठभेड़ के बाद जंगल से एक SLR और 36 जिंदा गोलियां पुलिस को मिली है। आशंका है कि TPC के कुख्यात दिनेश गंझू उर्फ तिवारी के दस्ते के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ आज दिन के उजाले में साढ़े 4 बजे के आसपास हुई। पुलिस की तरफ से मुठभेड़ का नेतृत्व खलारी के DSP अनिमेष कर रहे थे। वहीं दावा है कि मुठभेड़ में TPC का कुख्यात दिनेश गंझू भी मौजूद था। रांची पुलिस कप्तान किशोर कौशल को गुप्त सूचना मिली थी कि TPC के कुख्यात दिनेश गंझू का दस्ता रांची के बुढ़मू में ठाकुर गांव थाना क्षेत्र के चैनगढ़ा में जुटा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए SSP ने आगे का टास्क DSP को दिया। बरामद SLR के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। आशंका है कि इसी दस्ते के द्वारा कुछ दिन पहले कांके और पिठोरिया में आगजनी की वारदात को अंजाम दिया था।

चाईबासा में IED ब्लास्ट
6. चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका जंगल में आज एक बार फिर IED ब्लास्ट हुआ। इसमें 3 जवान घायल हो गए। इन्हें एयरलिफ्ट कर रांची के मेडिका अस्पताल में लाया गया। इनके नाम सौरभ कुमार, संतोष ए० और अमरेश सिंह है। जख्मी तीनों जवान कोबरा बटालियन के है। तीनों में से एक की हालत चिंताजनक बताई गई। यह ब्लास्ट तब हुआ जब सुरक्षाबल सर्च अभियान में निकले थे। आशंका है कि 1 करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा के दस्ते के द्वारा चाईबासा में उग्रवादियों ने अपने मांद में जहां-तहां IED और केन बम बिछा गाड़कर रखे हुए है। वहीं कुछ जगहों पर घातक हथियार भी गाड़कर रखे हुए है। यहां याद दिला दें कि एक दिन पहले भी टोंटो इलाके में IED ब्लास्ट में 6 जवान घायल हो गए थे, जिन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया था।

PCR ने पीछे से स्कूटी सवार संजय प्रजापति को धक्का मार दिया
7. PCR ने पीछे से स्कूटी सवार संजय प्रजापति को धक्का मार दिया। जिससे उसकी जान चली गयी। धक्का मारने के बाद PCR उसे छोड़ वहां से भाग गई। संजय की मौत हो जाने की फैली खबर के बाद लोगों का गुस्सा उबाल पर आ गया। गुस्साये लोगों ने पलामू के मेदिनीनगर में रेडमा चौक के पास डेड बॉडी के साथ रोड जाम कर दिया। आक्रोशित लोग मृतक के आश्रितों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर थे। वहीं दोषी पुलिस को दंडित करने की डिमांड कर रहे थे। संजय कल रात अपनी ड्यूटी पूरा कर स्कूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में GLA कॉलेज के पास पीछे से PCR ने उसे धक्का मार दिया। लहूलुहान संजय को पास के एक अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गयी। संजय की चार बेटियां है । एक ब्याह योग्य हो गयी है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों का गुस्सा देखते हुए पुलिस ने गश्त तेज कर दी है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दी गयी है। लगभग 42 साल का संजय रेडमा चौक के पास संगीत इलेक्ट्रिक दुकान में काम करता था।

कुख्यात पशु तस्कर जाहिद शेख को चाईबासा पुलिस ने दबोचा
8. बंगाल के कुख्यात पशु तस्कर जाहिद शेख को चाईबासा पुलिस ने दबोच लिया। उसके साथ उसके 4 सहयोगियों को भी पकड़ा गया। इन तस्करों के कब्जे में रहे 102 मवेशी मिले। वहीं तस्करों के पास से 4 लाख 98 हजार कैश भी जप्त किए गए। एक कार, 9 बाइक और एक स्कूटी भी मिला है। यह सारे तस्कर चाईबासा के चक्रधरपुर के रास्ते से बंगाल तक पशु तस्करी में एक्टिव थे। पशु तस्करों के बारे में मिले इनपुट पर एक्टिव हुई पुलिस ने छापामारी कर इन तस्करों को दबोच लिया। पकड़े गए तस्करों के सरगना जाहिद शेख और उसके सहयोगी मनकिशोर प्रधान, मुन्ना पड़ेया, विजयंत पूर्ति और संतोष प्रधान ने पुलिस के सामने कई राज उगले है। गिरफ्तार जाहिद पुरुलिया के बलरामपुर का रहने वाला है। मिली जानकारी पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

BCCL कोलवसरी के पास जोरदार प्रदर्शन
9. कतिपय मांगों को लेकर BCCL कोलवसरी के पास आज जोरदार प्रदर्शन किया गया। वहीं जमकर नारेबाजी भी की गई। BCKU के बैनर तले आयोजित आंदोलन का नेतृत्व प्रखण्ड के उपाध्यक्ष सवुर गोराई और केंद्रीय संयुक्त सचिव निताई महतो कर रहे थे। वक्ताओ ने BCCL और JSW प्रबंधन पर इल्जाम लगाया कि यहां मजदूरों का खूब शोषण किया जा रहा है। PF कटौती का कोई लेखा-जोखा तक नहीं है। राष्ट्रीय छुट्टी का वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा। वहीं ठेकेदारों द्वारा मजदूरों से अवैध उगाही वसूली जाती है। इस अवैध उगाही को जोरदार आंदोलन कर बंद कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि हाई पावर कमेटी ने भरोसा दिलाया है कि 60 दिनों के अंदर वेतन का भुगतान कर दिया जायेगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो BCKU चक्का जाम आंदोलन करने को बाध्य हो जायेगा। इसकी सारी जिम्मेदारी प्रबंधन पर होगी।

BCCL के क्वाटर में सजी दुकानें, पगड़ी के नाम पर लग रही है बोली
10. BCCL के 772 नंबर क्वार्टर में दुकानें सजा दी गयी। यहां करीब 4 दुकानें निकाली गयी। यह क्वाटर कतरास के भटमुरना में फोर लाइन सड़क किनारें बनाये गये।। यह क्वाटर गोविंदपुर के ब्लॉक 4 कोलियरी के अधीन आता है। इल्जाम है कि यह गोरख धंधा BCCL कर्मियों द्वारा ही बेखौफ किया जा रहा है। इल्जाम तो यहां तक है कि दुकान देने की एवज में बतौर पगड़ी मोटी रकम वसूली जा रही है। वहीं भाड़ा अलग से तय किया जा रहा है। सबसे हैरत की बात यह है कि इस बात से BCCL प्रबंधन अनजान बना हुआ है। BCCL की कुछ जमीनो पर जमीन माफियाओ की भी नजर गड़ गयी है। इन्हें रोकने टोकने वाला कोई नहीं है। इस मामले में गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक GC साहा ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

स्पाइस जेट में बम होने की खबर से मचा तहलका
11. स्पाइस जेट के विमान में बम होने की सूचना पर पूरे एयरपोर्ट में तहलका मच गया। इस विमान को शाम साढ़े 6 बजे उड़ना था। पर उड़ान से पहले ही मिली बम की सूचना पर दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर खलबली मच गयी। विमान को उड़ने से रोक दिया गया। विमान को एक किनारे ले जाकर उसकी पूरी तलाशी शुरू कर दी गयी। इस विमान को दिल्ली से पुणे के लिए उड़ान भरनी थी। बम की फैली खबर के बाद मुसाफिरों में कोहराम मच गया। हालांकि इस बारे एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।











