Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के जरही गांव में अवैध देशी शराब के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त कदम उठाया। SDO संजय कुमार ने डंडई के थानेदार अनिमेष शांतिकारी के साथ मिलकर गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो चलती हुई शराब भट्ठियां मिलीं, जिन्हें मौके पर ही तोड़ दिया गया। एक घर के बेसमेंट से शराब बनाने का सारा सामान और तैयार शराब भी बरामद हुई, जिसे तुरंत नष्ट किया गया।
नशे के खिलाफ कड़ा संदेश
SDO संजय कुमार ने साफ कहा कि अवैध शराब की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। उन्होंने उत्पाद विभाग और थानेदार को चेताया कि जरही में नशे के धंधे पर अब कोई ढिलाई नहीं चलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि शराबखोरी कानून-व्यवस्था के लिये खतरा है, इसे हर हाल में रोकना होगा। SDO ने गांव के मुखिया और चौकीदारों को सख्त लहजे में चेतावनी दी, “अब जिम्मेदारी तय होगी। अगर आपके गांव में शराब का गोरखधंधा पकड़ा गया तो आप भी जवाबदेह होंगे।” उन्होंने कहा, गांव में जो हो रहा है, उसकी सूचना देना चौकीदार और मुखिया का कर्तव्य है।
हर रविवार के बाजार पर नजर
SDO ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है कि हर रविवार को बाजार में खुलेआम शराब बिकती है, जिससे गांव में अशांति फैलती है। उन्होंने कहा कि अगली बार जब वे बाजार निरीक्षण करेंगे और शिकायत सही पाई गई, तो उत्पाद विभाग और पुलिस पर सीधी कार्रवाई होगी। SDO ने आम लोगों से भी अपील कि “अगर आपके पास कोई जानकारी है, तो निर्भय होकर सूचना दें। नाम गुप्त रखा जायेगा। आप प्रखंड, अंचल या अनुमंडल कार्यालय में भी जानकारी दे सकते हैं।”












