Dhanbad : संडे की एक आम दोपहर, जब पांच दोस्त ज़िंदगी से दो पल चुराकर धनबाद के दामोदर नदी की लहरों से खेलने पहुंचे। किसे पता था, ये लहरें उनके सपनों को लील जायेंगी। बिरसा पुल के नीचे नहाने उतरे पांच छात्र अचानक तेज बहाव में फंस गये। देखते ही देखते हंसी चीख में बदल गई। तीन छात्रों को स्थानीय लोगों ने किसी तरह बचा लिया, लेकिन दो दोस्त अविनाश और शिवम पानी में बहते चले गये।
काफी तलाश के बाद अविनाश को तो बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवम का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है, गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हैं। अविनाश, जो उत्तर प्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था, अपने पुराने दोस्तों से मिलने धनबाद के सिंदरी आया था। शिवम, बलियापुर के एक निजी स्कूल में 12वीं का छात्र है। तीनों अन्य छात्र, जो बच गये, सुरंगा के रहने वाले हैं।
घटना की खबर मिलते ही सुदामडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। SDPO आशुतोष कुमार सत्यम ने बताया “पांच छात्रों में से तीन खुद बाहर निकल आये, एक को बाहर निकालने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित किया। शिवम की तलाश जारी है।” अब घरों में पसरा है सन्नाटा, माताओं की आंखों में आंसू हैं और दोस्तों की मस्ती पर गहरा साया।










