UP : यूपी के सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के टिडोली गांव का टैक्सी चालक बिलाल अपनी प्रेमिका उमा का कातिल निकला। इल्जाम है कि उसने गर्दन काटकर हत्या की और सिर साथ ले गया। इस जघन्य अपराध को 6 दिसंबर को हरियाणा के यमुनानगर—कलेसर जंगल के पास अंजाम दिया गया, जिसका खुलासा रविवार को पुलिस ने किया। टिडोली गांव में रहनेवाला बिलाल उमा से प्यार करता था। उमा शादी का दबाव बना रही थी। वहीं बिलाल की शादी उसका परिवार कहीं और तय कर चुका था। इसी दबाव से बचने के लिये बिलाल ने प्रेमिका की हत्या कर दी। गिरफ्तार बिलाल ने पुलिस को बताया कि उसने रात के अंधेरे में सिर जंगल में फेंक दिया, जिसे बाद में पुलिस ने लाल ढांग क्षेत्र से बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, बीते 7 दिसंबर को प्रतापनगर क्षेत्र के बहादुरपुर गांव की नर्सरी में महिला का सिर कटा शव मिला। उसके बदन पर कोई कपड़े नहीं थे, उसकी पहचान मुश्किल थी। CCTV में सहारनपुर नंबर की कार दिखी। ट्रेस करते-करते पुलिस हथिनीकुंड पहुंची। मोबाइल लोकेशन से कड़ी जुड़ी। आखिरकार टिडोली गांव से बिलाल को उठा लिया गया। वह पुलिस के सामने टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया। महिला का सिर पॉलीथिन में डालकर हिमाचल-हरियाणा सीमा के लालढांग में फेंका गया था। कलेसर जंगल से कपड़े और शाल मिले।





