Kohramlive : घूमने की प्लानिंग मन में आते ही कुल्लू, मनाली और शिमला के नाम भी जेहन में रेंगने लगते हैं, वाकई हिमाचल प्रदेश में कई मनमोहक जगहें हैं, पर गुजरे तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने वहां कहर बरपा दिया है। तबाही का मंजर चारों तरफ झलक रहा है। गुजरे दो रोज में 17 लोगों की जान चले जाने की खबर है, वहीं 11 लोग बह गये। कई लापता हैं। शिमला में भूस्खलन की चपेट में एक मकान आ गया। इसमें तीन लोगों की जान चली गई। इनकी पहचान दीप बहादुर, देवदासी और मोहन बहादुर के तौर पर हुई है। बिलासपुर के पलवी गांव में शादी समारोह से लौट रहे एक बुजुर्ग रामलाल नाले में बह गये। उनकी डेड बॉडी गोविंद सागर झील में मिली। मनाली में चार वोल्वो बस पानी में फंस गये। वहीं तीन लोग मनाली में बह गये। मनाली के किसान भवन में फंसे तीर्थयात्रियों को सोमवार को सही सलामत निकाल लिया गया है। कुल्लू के DC आशुतोष गर्ग ने मीडिया को बताया कि श्रीखंड यात्रा रोक दी गई है। फंसे तीर्थयात्रियों को सही-सलामत वापस लाने की तैयारी में लोग जुटे हैं। कुल्लू में दो दिन का लोकल हॉलीडे घोषित किया गया है। कुल्लू जिले में दो दिनों से ब्लैकआउट है। कुल्लू के बैली ब्रिज को भारी नुकसान हुआ है। आवाजाही बंद कर दी गई है।
सोलन के परवाणू में बाढ़ जैसे हालात हैं। सेक्टर 4 में कई गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गई हैं। खौफजदा लोग सेफ जोन की तलाश में जुटे हैं। चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग गंभरोला के पास भूस्खलन होने से बंद हो गया है, जिससे राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया है। मलबा हटाने का काम शुरू हो गया है। शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी जाने वाले मार्ग भूस्खलन से बंद हो गये हैं। वहां लाइट गुल है। कई ट्रांसफार्मर ठप हैं। ऊना के उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। कुछ आलीशान मकान गिर गये। बारिश से ब्यास नदी का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। ब्यास नदी किनारे कई घर व होटल बह गये। वहीं पार्वती व तीर्थन नदी व अन्य नदी नालों में बाढ़ जैसे हालात हैं। नदी किनारे बसे गांवों व घरों में पानी घुस गया है। ऊना आने वाली सभी ट्रेंनें आज भी रद्द रहेंगी। हिमाचल प्रदेश सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 1100, 1070 और 1077 जारी किए हैं, वहीं भारी बारिश से हुए नुकसान के आकलन के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है।
इसे भी पढ़ें :सही और सटीक जानकारी हो तो विधानसभा के अंदर कोई सवाल नहीं उठेगा : हेमंत सोरेन
इसे भी पढ़ें :प्राइवेट स्कूलों की जगह बच्चों का एडमिशन सरकारी उत्कृष्ट विद्यालयों में करायें : अजय राय
इसे भी पढ़ें :बेशक, योजना चाहे जो हो, समय पर पूरा करें : DC
इसे भी पढ़ें :जंगली हाथी गांव में घुसा, मचा कोहराम… देखें वीडियो















