Bihar : सरकारी कुर्सी पर बैठकर कमाई का हिसाब अगर आय से मेल न खाये, तो निगरानी की नजर आखिरकार पहुंच ही जाती है। बिहार में कुछ ऐसा ही हुआ है। विशेष निगरानी इकाई ने लघु जल संसाधन विभाग के बांका प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। इसके ठीक बाद मंगलवार को निगरानी की टीम ने एक साथ चार ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। निगरानी टीम ने एक साथ बांका के लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता का कार्यालय, पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के महावीर नगर स्थित जनक नंदिनी अपार्टमेंट, पटना के बेऊर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान एवं वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र का सिमरवारा गांव में छापामारी की। खबर है कि निगरानी टीम ने कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार को उनके सरकारी आवास से हिरासत में लिया। इसके बाद उनके अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी शुरू की गई। पटना स्थित आवास पर हुई तलाशी में नकदी और गहने मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा महंगी घड़ियां भी बरामद होने की बात कही जा रही है। हालांकि बरामदगी की अंतिम मात्रा और कीमत का आधिकारिक आकलन तलाशी पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। तलाशी के दौरान बरामद नकदी की गिनती के लिये छह लोगों की टीम लगाए जाने की जानकारी है। निगरानी टीम घर और कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, बैंकिंग एवं वित्तीय रिकॉर्ड, जमीन-मकान से जुड़े कागजात, निवेश, आभूषण और दूसरी संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। हरेन्द्र कुमार की पोस्टिंग करीब एक महीने पहले ही लघु जल संसाधन विभाग के बांका प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर हुई थी।















