Palamu : पलामू से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां घर की चारदीवारी में पनपा गुस्सा अपराध बन गया। नशे का आदी एक युवक अपनी ही चाची से इस कदर खफा था कि बदला लेने के लिये उसने लूट की खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुये भतीजे और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना 20 नवंबर की है। हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकी गांव में मृत्युंजय कुमार के घर अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट की। प्रतिरोध करने पर मृत्युंजय कुमार और उनकी पत्नी के साथ निर्ममता से मारपीट की गई। पीड़िता पेशे से पारा शिक्षक हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुये हुसैनाबाद SDPO मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में विशेष जांच टीम बनाई गई। दिन-रात की मशक्कत के बाद पुलिस के हाथ चौंकाने वाली सच्चाई लगी।
पुलिस जांच से खुलासा हुआ कि इस लूट की साजिश खुद मृत्युंजय कुमार के भतीजे नीरज कुमार ने रची थी। वजह भी उतनी ही दर्दनाक निकली। चाची आये दिन उसे नशेड़ी और गंजेड़ी कहकर ताना मारती थीं। घटना वाले दिन भी तानों से आहत होकर नीरज ने बदले की ठान ली। पुलिस ने नीरज कुमार और उसके साथी ओम प्रकाश सिंह उर्फ दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक देसी पिस्तौल और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इस वारदात में बिहार के औरंगाबाद के NTPC थाना क्षेत्र के रहने वाले विक्की कुमार की भूमिका भी सामने आई है। विक्की फिलहाल औरंगाबाद जेल में बंद है और छत्तीसगढ़ के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा का अभियुक्त है।पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटी है। पलामू की SP रीष्मा रमेशन ने मीडिया से कहा कि यह पूरी घटना आपसी रंजिश और प्रतिशोध का नतीजा है।





