Dhanbad : झारखंड और पश्चिम बंगाल की ATS (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई में बुधवार रात धनबाद के बाघमारा इलाके से अवैध गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। सिंगड़ा बस्ती में चल रही इस फैक्ट्री से मुर्शीद अंसारी समेत 7 लोग गिरफ्तार किये गये हैं। छापेमारी के दौरान टीम को 3 हजार से ज्यादा तैयार और अधबने पिस्टल, गन बनाने की लेथ मशीन, औजार और अन्य उपकरण मिले हैं। बताया जा रहा है कि यहां मुंगेर के कारीगरों से बड़े पैमाने पर हथियार बनवाये जा रहे थे।
चौंकाने वाली बात ये है कि मुख्य आरोपी मुर्शीद अंसारी खुद को ड्राइवर बताकर गाड़ी चलाने की आड़ में यह नेटवर्क चला रहा था। इतना ही नहीं, ATS ने छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद कारीगरों से चार पिस्टल बनवाकर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की है, जो मामले की पुष्टि करती है।
धनबाद पुलिस और बाघमारा SDPO पुरूषोत्तम कुमार सिंह की मौजूदगी में घंटों चली इस कार्रवाई से अवैध हथियार तस्करी के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। फिलहाल, ATS गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क की गहराई तक जाने की कोशिश में जुटी है।












