UP : झांसी-कानपुर हाईवे पर हुये दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया से नेता बने अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। इस हादसे के बाद पहली बार बड़े भाई अहजम अहमद का बयान सामने आया है। उन्होंने प्रशासन से भावुक अपील करते हुये कहा है कि उनके भाइयों को आबान के जनाजे में शामिल होने की अनुमति दी जाये। अहजम ने कहा, “मेरी प्रशासन से बस इतनी अपील है कि मेरे भाइयों को मिट्टी (जनाजे) में शामिल होने दिया जाये।” उनके इस बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
जानवर को बचाने की कोशिश बनी हादसे की वजह
पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। आबान अहमद अपने साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी की ओर क्रेटा कार से जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आबान अहमद और उसके साथी सोनू खान के सिर में गंभीर चोटें आईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अहजम, मोहम्मद जैद और उमर अहमद गंभीर रूप से घायल हुये हैं। पुलिस ने सभी को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच और शिनाख्त में मृतकों में एक की पहचान आबान अहमद के रूप में हुई है।
भाई से मिलने निकला था, रास्ते में खत्म हो गया सफर
आबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था। अली उमेश पाल हत्याकांड और रंगदारी समेत कई मामलों में आरोपी है और पिछले करीब 10 महीने से झांसी जेल में बंद है। उसे एक अक्टूबर 2025 को सुरक्षा कारणों से प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। नैनी जेल से स्थानांतरण के समय अली ने अपनी जान को खतरा बताते हुये सुरक्षा की मांग भी की थी। उसी भाई से मुलाकात का यह सफर आबान का आखिरी सफर साबित हुआ।
झांसी… जहां पहले असद, अब आबान
अतीक अहमद के परिवार के लिये झांसी का नाम पहले भी एक बड़े सदमे से जुड़ा रहा है। 13 अप्रैल 2023 को झांसी के पारीछा क्षेत्र में यूपी STF ने उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी और अतीक के बेटे असद अहमद को मुठभेड़ में मार गिराया था। अब उसी झांसी के करीब हुये सड़क हादसे में सबसे छोटे बेटे आबान की मौत ने परिवार को एक और गहरा जख्म दे दिया है। एक बेटे की मौत मुठभेड़ में हुई थी, जबकि दूसरे की जिंदगी हाईवे पर हुये भीषण हादसे ने छीन ली।
पूर्व सांसद अतीक अहमद जी के तीसरे नंबर के बेटे अजहम अहमद पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस।” pic.twitter.com/QRUE5hgVNq
— Mohammad Arman (@ArmanAzamwadi) August 6, 2026















